Bahraich News: जलभराव के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन
Bahraich News: बहराइच के तेजवापुर ब्लाक के जिहुरामाफी गांव में ग्रामीणों ने वर्षों से जाम पड़ी नालियों और गंदे पानी की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनके अनुसार, सफाई कर्मियों की लापरवाही से यह स्थिति बनी है, जिससे स्कूल के बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Bahraich News: बहराइच, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के तेजवापुर ब्लाक के जिहुरामाफी गांव में वर्षों से जाम पड़ी नालियों और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल रंजीत, लालता, ननकऊ, सुशील, बुद्धिलाल, रमेश, सूरज सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से नालियों की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तैनात सफाईकर्मी झांकने तक नहीं आता, जिसके चलते नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। नालियों का पानी सड़क पर फैलने से जलभराव हो जाता है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। इससे डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने ब्लाक व जिला प्रशासन से गांव की नालियों की तत्काल सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था तथा लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


