गर्मी की शुरुआत होते ही फेल हुआ बिजली का रोस्टर
Bahraich News - बहराइच क्षेत्र में गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था बेदम हो गई है। अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से व्यापारी और ग्रामीण आक्रोशित हैं। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के दावे विफल हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति 10 घंटे तक बाधित हो रही है। स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ता भी प्रभावित हैं।

बहराइच, संवाददाता। गर्मी ने अभी ठीक से दस्तक भी नहीं दी है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बेदम होने लगी है। अघोषित कटौती शुरू होने से व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रात में लो-वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई है। इससे पंखे रेंगने लगे हैं और पानी के मोटर चल पा रहे। बीते दिनों विभागीय अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जर्जर तारों को बदलने का दावा किया गया था, लेकिन ये दावे ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं दिख रहे। गर्मी शुरू होते ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में में बिजली व्यवस्था अभी से चौपट होने लगी है।
ग्रामीण इलाकों में 18 से 20 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर फेल हो गया है। गांवों में तो 10 घंटे तक बिजली गुल हो जा रही है। गर्मी में खपत बढ़ने से जर्जर तार और उपकरण के साथ ही कम क्षमता के ट्रांसफार्मर भी दगा दे रहे हैं। विद्युत सब स्टेशन महसी से सैकड़ों गांवों को आपूर्ति की जा रही है। बीते कई दिनों से थैलिया, छत्तरपुर, महजिदिया, बकैना, धनावा, राजी चौराहा, चुरईपुरवा, पारा, चकदहा, बकैनी, बेलासपुरवा, बदुवापुर, रायपुर, महसी, सिंगिया सहित दर्जनों गांवों में सुबह नौ बजे बिजली काट दी जा रही है। सात बजे के बाद बिजली आने पर ट्रिंपिंग का खेल शुरू हो जाता है। बकैना निवासी शब्बीर, जिलेदार, नसीम, सर्वेश, अनूप, शंभू, पिंटू आदि का कहना है कि दो दिनों से पूरे दिन बिजली गायब रहती है। देर शाम आने के बाद डिपर मारने लगती है। रात 10 बजे के बाद भी बिजली के आने जाने का सिलसिला जारी रहता है। ऊपर से लो वोल्टेज अभी से परेशान करने लगा है।उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ाने लगे स्मार्ट मीटर :फखरपुर। फखरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। दिन हो या रात अब गर्मी बढ़ने लगी है। जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी शुरू हुई है। सबसे ज्यादा परेशान वे उपभोक्ता है जिन्होंने अपने घर पर स्मार्ट मीटर लगवा रखे हैं। उपभोक्ता जतिन कुमार ने बताया कि उनके घर में स्मार्ट मीटर लगा है। शुक्रवार को दिन में अचानक लाइट कट गई। हमने रिचार्ज भी किया, फिर भी रात भर बिजली नहीं आई। पता करने पर जानकारी मिली कि जब नेटवर्क सही होगा तब स्मार्ट मीटर से बिजली कनेक्ट होगी। फखरपुर निवासी उपभोक्ता शादाब का कहना है कि कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। रात के समय हो रही कटौती से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


