तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, रोजी-रोटी की तलाश में आया था शहर
Bahraich News - बहराइच के मल्हीपुर जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे श्रमिक बुद्धि (40) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। बुद्धि रोजी-रोटी की तलाश में यहां आए थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। वाहन चालक फरार है, पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

बहराइच, संवाददाता। शहर के बाहरी इलाके में आसाम हाईवे से मल्हीपुर जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्रमिक को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के पारावन सिंहनिया गांव निवासी बुद्धि (40) पुत्र भीखम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुद्धि करीब एक पखवाड़े पहले ही रोजी-रोटी की तलाश में बहराइच शहर आए थे। यहां वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। शुक्रवार रात वह किसी काम से मल्हीपुर रोड की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि बुद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शनिवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


