अब 100 से अधिक सामान पर चुकाना पड़ रहा कस्टम
Bahraich News - रुपईडीहा बाजार में नेपाल के खरीदारों को भारतीय क्षेत्र से 100 रुपए से अधिक सामान खरीदने पर कस्टम अदा करना पड़ रहा है। नेपाल की आर्म्ड पुलिस ने कई खाद्य पदार्थों और अन्य वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया है। स्थानीय लोग इस स्थिति से चिंतित हैं और इसे अव्यवहारिक मानते हैं।

रुपईडीहा, संवाददाता। भारतीय क्षेत्र से खाद्य पदार्थ सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदने बड़ी संख्या में नेपाली रुपईडीहा बाजार आते हैं। अब नेपाली 100 रुपए से अधिक सामान खरीदने पर नेपाली कस्टम अदा करना पड़ रहा है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र नेपाल के खरीददारों की चिंताएं बढ़ गई हैं। नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स नेपाल सीमा सुरक्षा द्वारा एक प्रपत्र जारी किया गया है। इसमें भारतीय क्षेत्र से खाद्य तेल, पेय पदार्थ, तम्बाकू जन्य पदार्थ, मीट, मछली, अचार, ड्रग्स, नकली मुद्रा, अश्लील सामग्री, अवैध हथियार, विस्फोटक सामग्री, वन्य जंतु व उनके अंग तथा हानिकारक रसायनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस पत्रक पर नेपाल सरकार, विदेश मंत्रालय व गृह मंत्रालय का कोई आदेश नहीं है।
जिससे सीमावर्ती नेपाली क्षेत्र के लोग चिंतित हैं। विश्व हिंदू परिषद बांके के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार रौनियार ने कहा कि कैरिंग व तस्करी पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। नेपाल के लोग बहराइच व लखनऊ आदि भारतीय शहरों के लिए यात्रा करते हैं। वे कुछ घर के लिए वस्तुएं खरीदते हैं। 62 रुपये का कोई मूल्य नहीं है। इसलिए यह प्रतिबंध अव्यवहारिक है। नेपालगंज उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष व कसौंधन समाज बांके के अध्यक्ष नंदलाल वैश्य ने कहा कि नेपाली कस्टम की चोरी तेजी से बढ़ गयी है। इसलिए कैरिंग व तस्करी पर अंकुश लगाना चाहिए। उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष टंक धामी नेपाली पुलिस चौकी पर शनिवार को लाउड हेलर से संबोधित कर रहे थे कि भारतीय क्षेत्र से लाने वाला सामान छीन लिया जाए। इस पर महिला सुरक्षा कर्मियों ने कई महिलाओं व अन्य का सामान छीन लिया। इस दौरान एक नेपाली महिला सुरक्षा जवान के पैरों पर गिरकर रोते हुए सामान वापस देने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसका सामान वापस नहीं किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


