नेपाल में तीन करोड़ की ब्राउन शुगर सहित तीन धरे गए
नेपाल के बांके जिले में पुलिस ने 370 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्करों को पकड़ा है। तस्करों की पहचान दिनेश बसखोर, नूर मोहम्मद किंघरिया और फिरोज साईं के रूप में हुई है। इनसे पूछताछ जारी है, और यह जानकारी मिली है कि ब्राउन शुगर को रूपईडीहा से लाया गया था।

रुपईडीहा, संवाददाता। सीमा पार नेपाल में बांके जिला मुख्यालय की नेपाली पुलिस ने 3 तस्करों को 370 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ धर दबोचा है। बांके जिले के पुलिस प्रवक्ता व इंस्पेक्टर रमेश विष्ट ने बताया कि तस्करों से पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि नेपालगंज उप महानगर पालिका के वार्ड नम्बर 22 स्थित शांति चौक में ब्राउन शुगर की डिलीवरी की सूचना कई दिनों से मिल रही थी। इस सूचना पर मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो व एसपी कार्यालय बांके की स्पेशल पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी तो भनक पाकर बाइक सवार 3 तस्कर पीछे मुड़कर फरार होने का प्रयास करने लगे।
न रुकने पर दो राउंड हवाई फायर किया गया तो तीनों रुक गए। तलाशी के दौरान तीनों के पास 370 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। तीनों युवक शांति चौक के ही निवासी हैं। इनकी पहचान दिनेश बसखोर (28), नूर मोहम्मद किंघरिया (35) व फिरोज साईं (29) के रूप में हुई है। पूछताछ में डिलीवरी सरहद पार रूपईडीहा से लाए जाने का सुराग मिला है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


