Bahraich News: 18.55 करोड़ की लागत से बनेगा अग्निशमन केंद्र
Bahraich News: बहराइच में 18.55 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण होगा। नए केंद्र में पांच दमकल वाहनों के लिए गैराज, कॉन्फ्रेंस हॉल और प्रशिक्षण केंद्र होंगे। अधिकारियों के आवास की भी सुविधा मिलेगी। इससे आपात सेवाओं में सुधार होगा, जबकि वर्तमान अग्निशमन केंद्र की हालत काफी खराब है।

Bahraich News: बहराइच, संवाददाता। शहर में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 18.55 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। केंद्र के ग्राउंड फ्लोर पर पांच दमकल वाहनों के खड़े करने के लिए बड़ा गैराज बनाया जाएगा। दूसरी मंजिल पर कॉन्फ्रेंस हॉल के साथ प्रशिक्षण केंद्र की सुविधा होगी। ऊपरी तल पर अधिकारियों और अग्निशमन कर्मियों के आवास की व्यवस्था रहेगी। केंद्र बनने से आपात स्थितियों में त्वरित अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। शहर में स्थित अग्निशमन केंद्र का भवन वर्तमान में काफी जर्जर हो चुका है। इसकी दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह टूटकर गिर रहा है, जबकि बारिश के दौरान छतों से पानी टपकता है।
अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास भी रहने योग्य नहीं बचे हैं। सीवर लाइन के बार-बार चोक होने से कर्मियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा फायर वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त गैरेज की भी व्यवस्था नहीं है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पुराने भवन के स्थान पर आधुनिक फायर स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। नए केंद्र से अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।


