Bahraich News: आंगन में बंधी बकरी को उठा ले गया तेंदुआ
Bahraich News: मिहींपुरवा के कतर्नियाघाट रेंज में तेंदुआ एक घर के आंगन से बकरी उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने शोर मचाया और तेंदुए का पीछा किया, जिससे तेंदुए ने बकरी को घायल अवस्था में छोड़ दिया। वन विभाग की टीम घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त जारी है।

Bahraich News: मिहींपुरवा। कतर्नियाघाट रेंज की सदर बीट में रविवार दोपहर तेंदुआ घर के आंगन में बंधी बकरी को उठा ले गया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडों के साथ तेंदुए का पीछा किया। जिसके बाद तेंदुआ बकरी को घायल अवस्था में छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। सुजौली थाना क्षेत्र के बिहारी पुरवा, चहलवा निवासी बबलू पुत्र लछन के घर के आंगन में बकरी बंधी हुई थी। इसी दौरान खेत से निकला तेंदुआ अचानक आंगन में पहुंचा और बकरी को अपने जबड़े में दबाकर खेत की ओर ले जाने लगा। बकरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के लोग मौके पर पहुंचे।
देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर एकत्र हो गए। ग्रामीणों की भीड़ और शोर सुन तेंदुए ने बकरी को घायल अवस्था में छोड़ दिया और खेतों की ओर भाग गया। डिप्टी रेंजर मयंक पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


