Bahraich News: हृदय रोगों से बचाव को जीवनशैली में सुधार जरूरी : डॉ. पंकज
Bahraich News: बहराइच में जैनस इनीशिएटिव्स द्वारा 'दिल से दिल तक' मुहिम के तहत एजीसी स्कूल में निःशुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 55 लोगों की जांच की गई और सभी परीक्षण निःशुल्क किए गए। डॉक्टरों ने जीवनशैली सुधारने और नियमित जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

Bahraich News: बहराइच,संवाददाता। युवाओं में बढ़ते मधुमेह और हृदय रोगों के प्रति जागरूकता के लिए जैनस इनीशिएटिव्स संस्था की ‘दिल से दिल तक’ मुहिम के तहत एजीसी स्कूल में निःशुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट बाराबंकी के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 55 लोगों की जांच की गई। ब्लड शुगर और ईसीजी सहित सभी परीक्षण निःशुल्क हुए और परामर्श दिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए जीवनशैली सुधारना जरूरी है। रोज 45 मिनट व्यायाम या मॉर्निंग वॉक करें और भोजन में नमक, तेल व वसायुक्त मसाले कम करें।डॉ.
साकेत कुमार रिसाल ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य की अनदेखी से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए नियमित जांच जरूरी है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगा इलाज व परामर्श के लिए पहुंचे। जांच में ज्यादातर लोग शुगर व दिल की बीमारी से पीड़ित मिले। इन मरीजों को दिनचर्या में बदलाव करने का सुझाव दिया गया। विद्यालय के विभागाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने बताया कि भविष्य में हर दूसरे-तीसरे माह के पहले शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम होंगे।


