कार पेड़ से टकराई, बलरामपुर के तीन युवकों की मौत
Bahraich News - मिहींपुरवा, बहराइच में सोमवार भोर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलट गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मोतीपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृतकों को घोषित किया और घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया।

मिहींपुरवा, बहराइच। नानपारा लखीमपुर हाईवे के झाला मोड़ के पास सोमवार भोर में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलट गई। भीषण टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही ग्रामीण दौड़े। पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी को मोतीपुर सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण कर तीन को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। कार सवार मरने वाले बलरामपुर निवासी थे। और उत्तराखंड के नैनीताल के नीम करौली जा रहे थे।
मोतीपुर थाने के नानपारा लखीमपुर हाईवे के झाला मोड़ से आगे ममता मेडिकल के पास सोमवार भोर में लगभग पांच बजे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बलरामपुर जिले के देहात कोतवाली के धुसाह निवासी अभिषेक शुक्ला (35) पुत्र सदानंद शुक्ला, नगर कोतवाली के सिविल लाइन निवासी दीपू वर्मा (22) पुत्र दिनेश वर्मा, महाराजगंज तराई थाने के अलीपुर निवासी नितेश सिंह (40) पुत्र मनोज सिंह, देहात कोतवाली अजय शर्मा (24) पुत्र मदन शर्मा, वनकटवा निवासी लव कुश शर्मा (30) पुत्र काली प्रसाद घायल हो गए। जालिम नगर पुलिस ने घायलों को सीएचसी मोतीपुर में लाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अभिषेक, दीपू, नितेश को परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों लवकुश, अजय को प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस की ओर से घटना की सूचना परिजनों को दी गई। रोते बिलखते परिजन शहर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




