
सड़क हादसे में युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Bahraich News - श्रावस्ती जिले में एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें 30 वर्षीय भानू पांडेय की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक भिनगा बाजार से लौट रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां भानू की हालत नाजुक होने पर उन्हें बहराइच रेफर किया गया, लेकिन वहां उनकी मृत्यु हो गई।
श्रावस्ती। श्रावस्ती जिले में मंगलवार देर शाम को अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली भिनगा क्षेत्र के चैलाही गांव निवासी भानू पांडेय (30) पुत्र पाटेश्वरी प्रसाद पांडेय मंगलवार को गांव निवासी अजय कुमार (35) पुत्र लल्लू व सैफू (22) पुत्र मालिकराम के साथ बाइक से भिनगा बाजार गया था। देर शाम तीनों भिनगा से खरगौरा मोड़ होते हुए वापस गांव लौट रहे थे।
इस दौरान सेमरी-खरगौरा मोड़ मार्ग पर मोहम्मदपुर गांव के पास पुल के निकट पहुंचते ही घने कोहरे के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने परिवार को हादसे की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिवार के लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिनगा में भर्ती कराया। जहां भानू की हालत नाजुक देख चिकित्सकाें ने मेडिकल कालेज बहराइच के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग एंबुलेंस से भानू को लेकर बहराइच पहुंचे। जहां अस्पताल में पहुंचते ही भानू ने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने भिनगा कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल भिनगा में चल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




