बहराइच-सीमावर्ती क्षेत्रों में फसलों को रातोंरात चट कर रहे बेसहारा मवेशी
Bahraich News - बाबागंज के किसानों को खेतों में रबी फसलों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। बेसहारा गोवंश रातभर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान रातभर जागकर अपनी फसलों की रक्षा कर रहे हैं। किसानों ने...

बाबागंज, संवाददाता। सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों के सामने खेतों में लगी रबी फसलों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। कड़ी मेहनत कर फसलों को उगाने वाले किसानों की फसलों को बेसहारा गोवंश रातोंरात नुकसान कर रहे हैं। इनसे फसलों को बचाने के लिए किसान खेतों के मेड़ों पर रातभर रतजगा को विवश हो गया है। किसानों का कहना है कि बेसहारा गोवंशों के संरक्षण का दावा सिर्फ हवाहवाई है। हकीकत में उनके खेतों में ही गोवंश ठौर लिए हुए हैं। नेपाल सीमा से लगे ब्लॉक नवाबगंज में बेसहरा मवेशियों की भरमार हैं। हाईवे से लेकर किसानों के खेतों में हर समय झुंड में मवेशी मुहं मारते हुए दिख रहे हैं। बख्तावर गांव, हकीम गांव अचकपुरवा, मिर्जापुर, चहलवा, बरवलिया समेत एक दर्जन गांवों के किसान दिन रात मेहनत की फसल को सुरक्षित करने के लिए खेतों में ही डटे रहते हैं। किसानों का कहना है कि जरा सी लापरवाही से उनके गेहूं, सरसों, राई व अन्य फसलों को बेसहारा गोवंश खाकर नष्ट कर देते हैं। दिन में हाईवे पर घूमते रहते हैं, लेकिन रात होते ही मवेशियों का झुंड खेतों में पहुंच रहे हैं। सर्द भरी हवाओं के बीच वे लोग फसलों को बचाने के लिए लगे रहते हैं। किसान शाहिद सुबह ही अपने खेत को छुट्टा जानवरों से बचाने के लिए पहुंच जाते हैं। किसान जगत राम वर्मा ने बताया कि छुट्टा जानवरों को लेकर किसानों में विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। गोवंशों को भगाने पर दूसरे के खेत में पहुंच जाते हैं। इससे मारपीटत तक हो रही है। इन मवेशियों को संरक्षित करने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। एक मवेशी को पकड़कर फोटो खिंचवा ली जाती है। इसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। उनके खेतों में दिख रही गोवंशों की झुंड आखिरकार रातोंरात कहां से आ रहे हैं। पीड़ित किसानों ने बताया कि गोवंशों से फसलों को बचाने के लिए डीएम मोनिका रानी को पत्र भेजा गया है। जल्द ही बेसहारा गोवंशों को गोशालाओं में भेजा नहीं गया तो वे लोग प्रदर्शन करने को विवश हो जाएंगे।
कोट
बेसहारा गोवंशों को संरक्षित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नवाबगंज क्षेत्र में गोवंशों के संरक्षित को लेकर संबंधित को निर्देश दिए जा रहे हैं।
-डॉ. राजेश कुमार, सीवीओ, बहराइच
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।