अधिवक्ता परिषद के प्रदेश अधिवेशन हेतु भूमि पूजन संपन्न,16-17 मई को बहराइच में होगा भव्य समागम
बहराइच में अधिवक्ता परिषद का प्रदेश अधिवेशन 16-17 मई को आयोजित होने जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व की टीम ने न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह से भेंट की और अधिवेशन की महत्ता बताई। सोमवार को हरियाली रिजॉर्ट में भूमि पूजन हुआ और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
बहराइच, संवाददाता। अधिवक्ता परिषद, अवध प्रांत के बहुप्रतीक्षित प्रदेश अधिवेशन की तैयारियां अब पूरे जोश और उत्साह के साथ आरंभ हो गई हैं। 16-17 मई को आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण समागम को भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए प्रदेश नेतृत्व की टीम ने बहराइच का विशेष प्रवास किया। प्रवास के दौरान प्रदेश महामंत्री मीनाक्षी परिहार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह तथा प्रदेश मंत्री रंजीता बाल्मीकि ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने उन्हें अधिवेशन की महत्ता से अवगत कराते हुए सादर आमंत्रण प्रदान किया।सोमवार की सायंकाल लखनऊ रोड स्थित हरियाली रिजॉर्ट में कार्यक्रम स्थल का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
वैदिक मंत्रोच्चार के पावन वातावरण में संपन्न इस अनुष्ठान के पश्चात पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया तथा अधिवेशन की सफलता हेतु सामूहिक संकल्प लिया।भूमि पूजन के उपरांत स्थानीय इकाई के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला इकाई के अध्यक्ष अभय सिंह, महामंत्री आलोक शुक्ला, संरक्षक सुरेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार पाठक, जिला प्रचारक सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


