बदले गए टूटे हुए बिजली के खम्भे व दुरुस्त हुई लाइनें, गांवों की आपूर्ति ठप
Bahraich News - बहराइच में आंधी-पानी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप है। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों की मरम्मत नहीं हो पाई है। उपकरणों की कमी और अधिकारियों की अनवांटेडता से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। तकनीकी टीम मरम्मत में जुटी है, लेकिन समस्या बनी हुई है।
बहराइच,संवाददाता। जिले में आए आंधी-पानी को 24 घंटे से अधिक समय हो चुके हैं,लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं आ सकी है। टूटे पोल तो दूर क्षतिग्रस्त लाइनों को भी दुरुस्त नहीं किया जा सका है। कर्मियों का कहना है कि स्टोर से पर्याप्त उपकरण न मिलने से आपूर्ति बहाली में असुविधा हो रही है। बिजली से चलने वाले सभी तरह के उपकरण भी ठप हैं। अधिकारी सीयूजी नंबर उठा नहीं रहे हैं,जिससे उपभोक्ताओं में भी नाराजगी बढ़ रही है। तेजवापुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के सिसई हैदर बाइपास पर आंधी के चलते पेड़ गिरने से बिजली का पोल और तार टूटकर सड़क पर गिरे हुए हैं।
इस घटना से सिसई हैदर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। पोल व तार का कुछ हिस्सा बीच सड़क पर लटक रहा है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा भी हो सकता है। अचानक बिजली गुल होने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और आपूर्ति बहाल कराने की मांग उठने लगी। तेजवापुर विद्युत उपकेंद्र के जेई रवि प्रकाश ने बताया कि आंधी के कारण पेड़ गिरने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कर रही है,लेकिन जरूरी उपकरण न मिलने की वजह से आपूर्ति बहाली में देरी हो रही है। यह तो सिर्फ बानगी है।महसी, मिहींपुरवा, रिसिया समेत ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुए पोल व लाइनों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इसके चलते 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने पर भी आपूर्ति बहाल नहीं किया जा सका है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


