हेलमेट वापस मांगने पर महिला और बेटे के साथ मारपीट, चार नामजद
Bahraich News - बहराइच जनपद के बरथनवा गांव में हेलमेट वापस मांगने गई एक महिला और उसके बेटे के साथ लगभग आधा दर्जन लोगों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घायल कर
बहराइच,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में रूपईडीहा थाना क्षेत्र के बरथनवा गांव में हेलमेट वापस मांगने गई एक महिला और उसके बेटे के साथ लगभग आधा दर्जन लोगों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बरथनवा गांव निवासी खातूना पत्नी रफीक के दामाद से गांव के ही मुमताज पुत्र रमजान हेलमेट मांगकर ले गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी मुमताज ने हेलमेट वापस नहीं किया। बार-बार मांगने पर भी जब कोई नतीजा नहीं निकला तो खातूना खुद मुमताज के घर हेलमेट लेने पहुंची।
वहां पहुंचते ही दोनों के बीच बात बढ़ गई और कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि मुमताज और उसके साथियों ने खातूना के साथ मारपीट शुरू कर दी।महिला की चीख-पुकार और शोर सुनकर उसका बेटा सफीक दौड़ता हुआ मौके पर पहुंचा और अपनी मां को बचाने की कोशिश करने लगा। लेकिन हमलावरों ने सफीक को भी नहीं छोड़ा और उसके साथ भी जमकर मारपीट की। मां और बेटे दोनों को चोटें आईं और वे घायल हो गए। घटना को देखकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को थाने लाया गया। पुलिस ने उनकी हालत देखते हुए तुरंत उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।घायल खातूना की तहरीर पर रूपईडीहा पुलिस ने मुमताज, खन्नू, हबीबन और नरगिश के खिलाफ मारपीट की संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


