बहराइच:: कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए 252 लोग
जिले में अब तक कोरोना संक्रमित पाए गए मरीजों के संपर्क में आने वाले 252 लोग चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 197 सम्पर्कियों का सैम्पल जांच के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान लखनऊ भेजा गया है। इनमें 30...
जिले में अब तक कोरोना संक्रमित पाए गए मरीजों के संपर्क में आने वाले 252 लोग चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 197 सम्पर्कियों का सैम्पल जांच के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान लखनऊ भेजा गया है। इनमें 30 सम्पर्कों की रिपोर्ट मिली है, जो निगेटिव है। 167 सम्पर्कों की रिपोर्ट आना शेष है। चिह्नित किए गए हॉट स्पाट एरिया में प्रशासन की ओर से सैनिटाइज कराया जा रहा है। एरिया में किसी की इंट्री नहीं हो रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.सुरेश सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों के क्षेत्र में कन्टेनमेन्ट एक्सरसाइज़ की जा रही है। 7513 घरों में 44398 लोगों का 139 तीन सदस्यीय टीम एवं 20 मेडिकल सुपरवाइज़रों की ओर से स्क्रीनिंग की जा रही है। अभी तक किसी व्यक्ति में कोई गम्भीर लक्षण नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल की रात 26 मरीज़ों की रिपोर्ट आई थी, जिसमें सभी निगेटिव हैं। एल.-1 फैसिलिटी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चित्तौरा में कुल 12 मरीज़ अभी तक भर्ती किए गए हैं। जिनमें से 9 मरीज़ बहराइच एवं 3 मरीज़ जनपद श्रावस्ती के हैं। सभी मरीज़ों की स्थिति सामान्य है।
पटियाला से आए 12 लोग क्वारंटीन : मंगलवार को दोपहर पटियाला से 12 लोग पहुंचे हैं। उन्हें नवोदय विद्यालय में क्वारंटीन किया गया है। यहां पहले से 112 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। इनकी संख्या बढ़कर 124 हो गई है।
फैजाबाद से दो दर्जन साइकिल सवार विशेश्वरगंज होकर निकले : विशेश्वरगंज। मंगलवार को अपराह्न लगभग 1:30 बजे गोंडा बहराइच राजमार्ग बस स्टॉप विशेश्वरगंज पर गोंडा की तरफ से एक दर्जन से अधिक साइकिलों पर सवार लोग आते दिखाई दिए। चलते-चलते साइकिल सवार लोगों ने बताया कि फैजाबाद के माया बाजार से वे लोग आए हैं। लखीमपुर जा रहे हैं। चलते-चलते जांच के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हमें किसी ने रास्ते में नहीं रोका न कोई जांच की गई है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि यह लोग जो बाहर से अपने घरों को साइकिलों लौट रहे हैं। इससे बड़ा खतरा हो सकता है।
घर-घर जाकर डाउनलोड कराया आरोग्य सेतु ऐप
पयागपुर। जिलाधिकारी की ओर से गठित कोरोना वारियर्स टीम नेहरू युवा केन्द्र की अनन्या सिंह के निर्देशन में घर घर जाकर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करा रही है। लॉकडाउन का पालन कर लोगों को घर में ही रहने का आह्वान भी कर रहे हैं। पयागपुर में अनुभव शुक्ला, तालाब बघेल में कौशल त्रिपाठी, सचौली में रोहन मिश्रा ने डोर टू डोर जाकर आरोग्य सेतु एप इंस्टाल कराया। टीम ने बताया कि प्रतिदिन अलग अलग मौहल्लों में जाकर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है। इस दौरान अंकुर सिंह, विशाल, भानू मिश्रा, सूरज शर्मा, नीतीश शुक्ला, विश्वनाथ शुक्ला, अमन साहू, बालजी शर्मा, दीपक सरोज, शरीफ अहमद, मोनू शर्मा, उमेश गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, गौरव, सूरज श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।