आधी रात मची चीख-पुकार, आंगन में बिछीं लाशें, बहराइच में चार की हत्या के बाद भारी फोर्स तैनात

Mar 02, 2026 07:21 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

यूपी के बहराइच में आधी रात पारिवारिक विवाद में चार लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। दो घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

आधी रात मची चीख-पुकार, आंगन में बिछीं लाशें, बहराइच में चार की हत्या के बाद भारी फोर्स तैनात

Bahraich News: यूपी के बहराइच में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरे रामनगर) गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात जो कुछ हुआ, उसने पूरे इलाके की रूह कपा दी। भाइयों के बीच छिड़े एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते वहशीपन का रूप ले लिया। रात करीब 12:30 बजे जब पूरा गांव गहरी नींद में था, तब बडलूराम के घर से उठी चीख-पुकार ने सन्नाटे को चीर दिया। कुल्हाड़ी से किए गए ताबड़तोड़ वार में परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो लोग खून से लथपथ होकर तड़पते मिले। घर के आसपास और गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया है।

आंगन में बिछीं लाशें, घर में बचा सिर्फ एक बच्चा

ग्रामीणों के अनुसार, हमला इतना अचानक और हिंसक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर पहुंची पुलिस को घर के भीतर का नजारा देख सिहरन हो गई। आंगन और कमरों में खून फैला हुआ था। जहां-तहां लाशें थीं। इस खूनी संघर्ष में शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) की मौके पर ही मौत हो गई। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि इस कत्लेआम के बीच घर में सिर्फ एक मासूम बच्चा सुरक्षित मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत अपनी सुरक्षा में ले लिया।

घायलों को लखनऊ रेफर किया गया, गांव छावनी में तब्दील

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी और 112 नंबर की टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायलों—गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को अस्पताल भेजा। निरंकार की नाजुक हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी राम नयन सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी भारी फोर्स के साथ रातों-रात गांव पहुंचे। फिलहाल किसी भी तनाव को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया है।

फॉरेंसिक टीम को मिली 'कातिल कुल्हाड़ी'

देर रात ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घर के बाहर झाड़ियों के पास से वह कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है, जिससे इस नरसंहार को अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, परिवार में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था और आरोपी गहरे मानसिक तनाव में था। पुलिस अब घायलों के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि हत्याकांड की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं। 

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |