घर बैठे मिलेगी खतौनी की प्रमाणित कॉपी
Bagpat News - बागपत। किसानों को अब खतौनी की प्रमाणित कॉपी लेने के लिए तहसील में नहीं आना पड़ेगा। उन्हें यह सेवा ऑनलाइन प्राप्त होगी। इससे ग्रामीणों को समय और खर्च की बचत होगी। प्रमाणित कॉपी के लिए राजस्व परिषद की वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। यह सेवा चौबीस घंटे उपलब्ध है।

बागपत। अब किसानों को अपने खेत व जमीन की खतौनी की प्रमाणित कॉपी लेने के लिए तहसील में लेखपालों व अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई ऑनलाइन सेवा
उन्हें कम्प्यूटर, लैपटॉप में लगे प्रिंटर से प्रमाणित कॉपी घर बैठे ही मिल जाएगी। वे इन्हें अपने गांव और आसपास ही जन सेवा केंद्र से भी ले सकेंगे। इससे ग्रामीणों को तहसील जाने आने में खर्च और समय की बचत होगी। वहीं तहसीलों में भी भीड़ कम होगी। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद ऑनलाइन सेवाओं को लगातार बेहतर करने में लगा है। अभी तक लोगों को अपनी जमीनों की खसरा व खतौनी ऑनलाइन मिल जाती थी, लेकिन प्रमाणित कॉपी की जरूरत पड़ने पर उन्हें तहसीलों में चक्कर लगाने पड़ जाते थे। कभी एक बार में ही आने पर सफलता मिल जाती थी, तो कभी अधिकारी व कर्मचारी की व्यस्तता के कारण दूसरे दिन भी जाना पड़ जाता था। ऐसे में उसके आने जाने के खर्च व समय दोनों लगते थे। अब उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद ने अपनी ऑनलाइन सेवाओं में एक और सुविधा बढ़ाई है। जिसमें प्रमाणित कॉपी मिलने की सुविधा से ग्रामीणों और अधिकारियों को राहत मिली है। प्रमाणित कॉपी पाने के लिए सिर्फ राजस्व परिषद की वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट पर लॉगिन व ओपन करने पर अपनी जमीन की जानकारी जिनमें गाटा संख्या, नाम आदि भर दें। रिकार्ड देखें और प्रमाणित कॉपी के लिए आवेदन करें। ऑनलाइन ही कॉपी को डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा चौबीस घंटे कभी भी कहीं से भी ले सकते हैं। इससे पारदर्शी व तेज प्रक्रिया होगी।
-------
कोट-
उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद की ओर से खतौनी की ऑनलाइन प्रमाणित कॉपी की सेवा शुरू कर दी है, इसका लाभ जमीन स्वामी को मिलेगा। इस सेवा के शुरू होने से उन्हें प्रामाणिक कॉपी के लिए तहसील में नहीं आना पड़ेगा, अपने घर या आसपास ही कहीं भी कम्प्यूटर, लैपटॉप या जन सेवा केंद्र से भी प्राप्त कर सकते हैं।
अमरचंद वर्मा, एसडीएम बागपत
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


