
फालोअप: किशोर के शव की नहीं हो पाई शिनाख्त, बिसरा सुरक्षित
Bagpat News - फालोअप: किशोर के शव की नहीं हो पाई शिनाख्त, बिसरा सुरक्षित
बागपत कोतवाली क्षेत्र के बली अंडरपास के नजदीक मिले अज्ञात किशोर के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस की दो टीमें मृतक किशोर की शिनाख्त कराने के प्रयासों में जुटी है। किशोर की शिनाख्त के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया है। वहीं, मृतक किशोर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके है, जिसके चलते बिसरा सुरक्षित रखा गया है। उसे प्रयोगशाला भिजवाकर मौत के कारण पता किए जाएंगे। बली अंडरपास के नजदीक बुधवार की सुबह आठ बजे राहगीरों को किशोर का शव दिखाई दिया था। उन्होंने तुरंत ही शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों तक मृतक किशोर की शिनाख्त कराने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। जिसके बाद पुलिस ने शव को लावारिश में पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। वहीं, दूसरी और किशोर का शव मिलने की सूचना से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया था। दोपहर बाद चिकित्सकों के पैनल ने किशोर के शव का पोस्टमार्टम किया था, जिसमें किशोर की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका था। पोस्टमार्टम के दौरान किशोर के शरीर पर केवल एक चोट का निशान मिला था, वह भी उसके होंठ पर था। मौत के कारणों का पता न चलने के बाद किशोर का बिसरा सुरक्षित रख लिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोर की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा निवाडी स्थित प्रयोगशाला भिजवाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। ------ आसपास के जनपदों को दी गई सूचना, सोशल मीडिया का सहारा बली अंडरपास के नजदीक मिले 13 वर्षीय किशोर की गुरुवार को भी शिनाख्त नहीं हो पाई। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि किशोर की शिनाख्त के लिए दो टीमें लगाई गई है। इनमें एक टीम कोतवाली बागपत की है, जबकि दूसरी टीम सविलांस सैल की है। ये दोनों टीमें आसपास के जनपदों और दिल्ली व हरियाणा प्रदेश के थानों से किशोर के संबंध में जानकारी जुटा रही है। विभागीय पोर्टल पर भी बच्चे का फोटो अपलोड कर दिया गया है, यदि किसी थाने पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज हुई होगी, तो संबंधित थाना पुलिस इसकी सूचना बागपत पुलिस को देगी। बताया कि मृतक किशोर की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। विभिन्न व्हाटसएप ग्रुप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स आदि साइटों पर किशोर का फोटो भेजा गया है। जल्द ही मृतक किशोर की शिनाख्त हो जाएगी। ------- पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोर की हत्या करने वाले हत्यारों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कस्बा टटीरी में बली मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस टीम ने गुरुवार को खंगाला, लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका। ब्राह्मण पुट्ठी, बली गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किशोर की हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव यहां डाला है। जिससे उसकी शिनाख्त न हो सके। बताया कि किशोर की शिनाख्त होते ही हत्यारों का भी सुराग लगा लिया जाएगा। ------ कोट- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। बिसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जा रहा है। मृतक किशोर की शिनाख्त के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई है। जल्द ही मृतक किशोर की शिनाख्त हो जाएगी। सूरज कुमार राय, एसपी बागपत

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




