Bagpat News: दो युवकों को सांप ने डसा, मेरठ रेफर किए
Bagpat News: बागपत के लुहारी और चौबली में दो युवकों को सांप ने डंस लिया। एक युवक के परिजन सांप को बोतल में बंद करके जिला अस्पताल पहुंचे, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। दोनों को एंटी स्नैक वेनम के इंजेक्शन लगाए गए और मेरठ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने सांप को जंगल में छुड़वा दिया।

Bagpat News: बागपत। चौबली और लुहारी में शुक्रवार रात सांपों ने दो युवकों को डस लिया। लुहारी गांव के युवक के परिजन तो सांप को बोतल में बंद कर जिला अस्पताल लेकर पहुंच गए। जिससे अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वहीं चिकित्सकों ने दोनों युवकों को एंटी स्नैक वेनम के इंजेक्शन लगाने के बाद मेरठ रेफर कर दिया। चौबली निवासी 36 वर्षीय लोकेश कुमार अपने जीजा के साथ शुक्रवार रात घर में सोया हुआ था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे सांप ने उसके पैर में डस लिया। परिजन लोकेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने एंटी स्नैक वेनम के 10 इंजेक्शन लगाने के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया।
वहीं, लुहारी निवासी 30 वर्षीय राकेश रात करीब नौ बजे छत पर बैठा था। तभी पैर में सांप ने डस लिया। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया और बोतल में बंद कर लिया। इसके बाद वे राकेश और सांप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सांप को देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद चिकित्सक ने राकेश को एंटी स्नेक वेनम के 10 इंजेक्शन लगाकर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अनुराग वार्ष्णेय ने बताया कि सांप जंगल में छुड़वा दिया है।


