
रेलवे ट्रैक पर पोल डालकर मालगाड़ी और ट्रेन को पलटाने की साजिश, मचा हड़कंप
Bagpat News - दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर एक मालगाड़ी को पलटाने की साजिश की गई थी। लोको पायलट की सतर्कता से हादसा टल गया। रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल रखे जाने के कारण लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया। मामला बड़ौत कोतवाली में दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर अज्ञात तत्वों ने ट्रेन को पलटाने की साजिश रची। बावली रेलवे हाल्ट और बड़ौत रेलवे स्टेशन के बीच में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल डालकर रखा गया था। शामली की ओर जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट की सतर्कता और इमरजेंसी ब्रेक लगाने से हादसा टल गया। इस सूचना से रेलवे विभाग से लेकर पुलिस में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुँचे रेलवे व पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। ट्रैक से लोहे का पोल हटाकर मालगाड़ी को रवाना किया जा सका। इस मामले में बड़ौत कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। दरअसल, यह घटना बावली रेलवे हाल्ट के पास बुधवार देर शाम करीब 7:47 बजे की हैं।
दिल्ली से सहारनपुर के लिए मालगाड़ी 4395जीडी बड़ौत से रवाना हुई थी। रेलवे हाल्ट पर लोहे का पोल दिखने पर लोको पायलट सुभाष चंद्रा ने इमरजेंसी ब्रेक लगा मालगाड़ी को पोल के नजदीक ही रोक दिया। इसकी सूचना लोको पायलट ने बड़ौत व कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन अधिकारियों को दी जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर रेलवे अधिकारी व पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। ट्रैक पर डाले गए पोल को हटाकर मालगाड़ी को शामली की तरफ रवाना किया गया। अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने से मालगाड़ी डिरेल भी हो सकती थी। इस मामले में कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन मास्टर शशिभूषण ने बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। ट्रैक पर पोल डालने वालों की तलाश शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए टीम बनाकर बावली, बड़ौत व आसपास के गांवों में तलाश में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




