Bagpat News: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कहरका के युवक की मौत
Bagpat News: चांदीनगर के कहरका गांव के एक युवक की गाजियाबाद में फाइबर इंटरनेट कनेक्शन के लिए काम करते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। अरविंद नाम का युवक दो साल से काम कर रहा था और उसके तीन बेटे व एक बेटी हैं। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
Bagpat News: चांदीनगर। कहरका गांव निवासी एक युवक की गाजियाबाद में इंटरनेट कनेक्शन के लिए फाइबर डालते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कहरका गांव निवासी अरविंद पुत्र सुरजी पिछले करीब ढाई साल से गाजियाबाद के गोविंदपुरम क्षेत्र में एक निजी कंपनी में काम करता था। वह ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शन के लिए फाइबर डालने का कार्य करता था। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह कैलाशपुरम क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर इंटरनेट कनेक्शन के लिए फाइबर डाल रहा था।
इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से अरविंद गंभीर रूप से झुलस गया और छत से नीचे गिर पड़ा। उसके साथ काम कर रहे साथी तत्काल उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन गाजियाबाद पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम करीब चार बजे परिजन शव को लेकर कहरका गांव पहुंचे। शव के गांव में पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद के तीन बेटे और एक बेटी हैं। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार पक्ष से परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


