
सब्जी लेकर दिल्ली जा रहे किसानों की पिकअप पलटी, तीन की मौत, 11 घायल
Bagpat News - सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव से सब्जी बेचने दिल्ली जा रहे किसानों की पिकअप बागपत-मेरठ हाइवे पर पलट गई। इस हादसे में 3 किसानों की मौत हो गई और 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव से सब्जी बेचने दिल्ली जा रहे किसानों की पिकअप बागपत-मेरठ हाइवे पर पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 11 किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। कई किसानों की हालत चिंताजनक बनी हुई बताई जा रही है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा। घायलों को उपचार के लिए मेरठ और दिल्ली ले जाया गया है। डौला गांव के रहने वाले काफी लघु किसानों ने सब्जी की फसल उगाई हुई है। किसी के पास अपनी जमीन है, तो किसी ने बटाई पर जमीन लेकर सब्जी बो रखी है।
शुक्रवार की दोपहर गांव के करीब 15 किसानों ने गांव की ही एक पिकअप किराए पर बुक की। जिसके बाद किसानों ने उसमें भिंडी की बोरियों को लाद लिया और दिल्ली की आजादपुर मंडी में बेचने के लिए निकल पड़े। बताया जाता है कि जैसे ही पिकअप बागपत-मेरठ हाइवे पर मीतली गांव के पास पहुंची, तो पिकअप का एक्सल टूट गया। इसी बीच पिकअप का पहिया गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पहिया गिरते ही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबने से 65 वर्षीय किसान जान मोहम्मद, 55 वर्षीय किसान रज्जू और 45 वर्षीय किसान असफाक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पिकअप में सवार 11 किसान गंभीर रूप में घायल हो गए। पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने मृतकों के शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, साथ ही घायलों को टटीरी के सर्वोदय और बालैनी के देवभूमि नर्सिंग होम भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने घायल किसानों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कई किसानों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। ------- कोट- बागपत-मेरठ हाइवे पर पिकअप पलटने से तीन किसानों की मौत हुई है। जबकि, 11 किसान घायल हुए है। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया गया है। सूरज कुमार राय, एसपी बागपत

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




