
ईंट भट्ठा हादसा: गमगीन माहौल में हुआ मृतकों का अंतिम संस्कार
Bagpat News - गौना गांव में महादेव ब्रिक फील्ड पर ईंट की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतक राजेंद्र और दिनेश का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी...
गौना गांव स्थित महादेव ब्रिक फील्ड पर ईंट की दीवार गिरने से हुई दो लोगों की मौत के बाद दोनों मृतकों का देर रात गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक व्याप्त है। फिलहाल पुलिस थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। गाजियाबाद के निस्तोली निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र पुत्र रूपचंद ईंट सप्लाई का कार्य करते थे। वे अपने साथियों तिररी पुत्र रामस्वरूप निवासी नसीरपुर फतेहपुर, पल्लू पुत्र जगरोशन निवासी निस्तोली, और मोहननगर गाजियाबाद निवासी ट्रक चालक दर्शन के साथ गौना गांव स्थित महादेव भट्ठे पर ईंटें भरने आए थे। बताया गया कि जब वे ट्रक को भट्ठे की दीवार के समीप लगाकर ईंटें भर रहे थे, तभी अचानक ईंटों की दीवार भरभराकर गिर गई।

दीवार के मलबे में चार लोग और भट्ठे का मुनीम दिनेश यादव पुत्र सोहनलाल निवासी गौना दब गए। घटना के बाद भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने सभी को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। मुनीम दिनेश यादव को मोहननगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम दोनों शव गांव पहुंचे, जहां गौना गांव में दिनेश यादव और निस्तौली में राजेंद्र का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में कर दिया गया। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है, लेकिन अब तक कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर दी जाती है तो मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




