असामाजिक तत्वों ने छप्पर में लगाई आग, तीन पशुओं की जलकर मौत
Bagpat News - बागपत के मोहल्ला इस्लामनगर में एक श्रमिक के छप्पर में संदिग्ध आग लग गई। आग में दो मवेशियों और एक कुत्ते की मौत हो गई, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित अकबर ने असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बागपत। शहर के मोहल्ला इस्लामनगर में एक श्रमिक के छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग में जलकर उसके दो मवेशियों और एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप में झुलस गए। पीड़ित ने असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। शहर के मोहल्ला इस्लामनगर में श्रमिक अकबर परिवार के साथ रहता है। उसने कई मवेशी भी पाल रखे है। उनके लिए उसने मकान के पास ही छप्पर डाला हुआ है। बताया जाता है कि गुरुवार की रात मवेशियों को चारा खिलाने के बाद अकबर परिजनों के साथ मकान के अंदर सो गया।
देररात अचानक छप्पर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। अकबर और आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के जरिए आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दो मवेशियों और एक कुत्ते की आग में जलकर मौत हो चुकी थी, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप में झुलसे मिले। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, पशु चिकित्सक ने घायल मवेशियों को उपचार दिया। अकबर का कहना है कि उसके छप्पर में असामाजिक तत्वों ने आग लग गई है। उसने पुलिस से उनका पता लगाकर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



