ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बागपतयूपी-हरियाणा का सीमा विवाद निपटाने के लिए शुरू हुआ सर्वे

यूपी-हरियाणा का सीमा विवाद निपटाने के लिए शुरू हुआ सर्वे

यूपी-हरियाणा सीमा के विवाद को निपटाने के लिए सोमवार से सर्वे शुरू हो गया।

यूपी-हरियाणा का सीमा विवाद निपटाने के लिए शुरू हुआ सर्वे
हिन्दुस्तान टीम,बागपतMon, 25 Nov 2019 08:07 PM
ऐप पर पढ़ें

यूपी-हरियाणा सीमा के विवाद को निपटाने के लिए सोमवार से सर्वे शुरू हो गया। पहले दिन सांकरौद और मवीकला गांव खादर में सर्वे किया गया। दीक्षित अवॉर्ड के तहत सीमा पर लगाए गए करीब छह पिलर मौके पर मौजूद मिले। उधर सर्वे से किसानों ने दूरी बनाए रखी।यूपी-हरियाणा सीमा विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। इस विवाद को निपटाने के लिए वर्ष 1974 में दीक्षित अवॉर्ड घोषित किया गया था।

इसमें यमुना खादर में दोनों प्रदेशों की सीमा का निर्धारण करते हुए पिलर लगवाए गए थे। वर्ष 1976 में यमुना नदी में भीषण बाढ़ आई थी। बाढ़ में अंकित नम्बर वाले पिलरों में से ज्यादातर पिलर बह गए थे। यमुना नदी ने भी यूपी की ओर धार बदल ली थी। इससे खेकड़ा तहसील के सांकरौद, मवीकला, नंगला बहलोलपुर ओर काठा गांव की हजारों बीघा कृषि भूमि हरियाणा की ओर चली गई थी।

इस भूमि पर तभी हरियाणा के किसानों ने अपना कब्जा जमा लिया था। इस कब्जे को लेकर तभी से यूपी और हरियाणा के किसानों के बीच संघर्ष होता आ रहा है। नंगला बहलोलपुर गांव के काफी किसानों ने तो यमुना नदी के धार बदलने के बाद हरियाणा की तरफ ही अपना बसेरा बसा लिया था, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उनके बसेरों को उजाड़ते हुए उन्हें वहां से दौड़ा दिया था।

दोनों प्रदेशों के अधिकारी इस विवाद को निपटाने के लिए 50 से अधिक बार बैठकें कर चुके है, लेकिन हल कुछ नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में कमिश्नर मेरठ अनीता मेश्राम के निर्देश पर डीएम बागपत/नोडल अधिकारी शकुंतला गौतम के नेतृत्व में पिछले दिनों एक बार फिर से दोनों प्रदेशों के अधिकारियों की फिर से बैठक हुई थी। जिसमें सर्वे के आधार पर विवाद को निपटाने का निर्णय लिया गया था।

सोमवार को खेकड़ा तहसील क्षेत्र से यह सर्वे कार्य शुरू हुआ। पहले दिन सांकरौद ओर मवीकला गांव खादर में सर्वे किया गया। तहसील प्रशासन और सर्वे विभाग की टीम ने दीक्षित अवॉर्ड के तहत लगाए गए पिलर चिंहित किए। तहसीलदार खेकड़ा यदुवंश कुमार ने बताया कि सांकरौद गांव में मैन पिलर मिला, जबकि हरियाणा के दहिसरा में चार पिलर मिले। रिपोर्ट तैयार की जा रही है। टीम में राजस्व निरीक्षक हरेंद्र कुमार, लेखपाल एकता सिंह, सर्वे लेखपाल अजित सिंह, राहुल और मनोज आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें