तूफान से 200 खंभे टूटे, 150 गांवों की बत्ती रही गुल

Newswrap हिन्दुस्तान, बागपत
share

Bagpat News - गुरुवार की रात तेज तूफान और बारिश के कारण जिलेभर में बिजली गुल हो गई। 150 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने फोन नहीं उठाए और बिजली आपूर्ति में देरी हुई। तूफान के चलते 161 बिजली पोल टूट गए, जिससे विभाग को 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

तूफान से 200 खंभे टूटे, 150 गांवों की बत्ती रही गुल

जिलेभर में गुरुवार की देररात तेज तूफान के साथ हुई बारिश के साथ ही बिजली गुल हो गई। जगह-जगह बिजली के खंभे और विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। जिससे तकरीबन 150 गांवों की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दरअसल, गुरुवार की देररात अचानक आए तूफान और बारिश के चलते बिजली लाइनों में फाल्ट बन गए। 10 से अधिक बिजली खंभे टूटकर गिर गए। इतना ही नहीं 20 से अधिक स्थानों पर बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके चलते समूचे जिले की बिजली आपूर्ति देर रात से शुक्रवार की सुबह तक गुल रही। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा कस्बे में तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रही। जिसके चलते शुक्रवार की सुबह लोगों को पेयजल आपूर्ति भी नहीं मिल सकी। पेयजल किल्लत दूर करने के लिए लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, देहात क्षेत्र की बात करें, तो जनपद की तीनों तहसीलों के 150 गांवों की बिजली आपूर्ति आंधी शुरू होते ही गुल हो गई। लाइनों में फाल्ट बन गए। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई। लाइनमैनों ने कड़ी मशक्कत के जरिए सभी गांवों की बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी है।

अधिकारियों ने नहीं उठाए फोन

लोगों का कहना है कि बिजली आपूति सूचारू कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने फोन तक रिसीव तक नहीं किया। शुक्रवार की सुबह होने के बाद ही विभागीय अधिकारियों और लाइनमैनों ने मोर्चा संभाला और बिजली लाइनों को दुरूस्त कराया।

Voice of UP

33 केवी की लाइन हुई ब्रेकडाउन

बड़ौत। गुरुवार की रात्रि शुरू हुआ तेज तूफान और बारिश पूरी रात जारी रही। तूफान के कारण विद्युत वितरण खंड प्रथम व द्वितीय के सभी फ़ीडर अहतियात के तौर पर बन्द कर दिए गए। बीच में तूफान कम हुआ, तो आपूर्ति भी सुचारू कर दी गई, लेकिन कुछ ही देर में फिर तूफान तेज हो गया। इस बार 33 केवी ब्रेकडाउन हो गई, जगह-जगह लाइनों में फाल्ट से लेकर पेड़ की टहनियों के लाइनों पर टूटने से व्यवस्था खराब हो गई। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों के घरों के इन्वर्टर जवाब दे गए जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार तड़के तूफान थमा तो विद्युतकर्मियों ने मोर्चा संभाला और जगह-जगह लाइनों में आये फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति सुचारू की गई। इसके बावजूद भी फ़ीडर नंबर एक और एक दर्जन के करीब गांवों की विद्युत आपूर्ति अभी तक सुचारू नहीं हो पाई थी।

एक्सईएन ब्रजेश कुमार का कहना था कि तूफान तेज था जिस कारण 33केवी ब्रेकडाउन हो गई। हालांकि बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और फ़ीडर एक को छोड़ बाकी सभी फ़ीडर की सप्लाई नॉर्मल हैं।

ट्रांसफार्मर में फाल्ट, बत्ती गुल

बड़ौत। बड़ौत शहर के गुराना रोड पर रखे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर में गुरुवार की देर रात्रि एक बार आपूर्ति चालू करने के दौरान धमाके के साथ फाल्ट आ गया। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े पूरे गुराना रोड की बत्ती गुल हो गई। सुबह से उपभोक्ताओं द्वारा अधिकारियों को लगातार शिकायत कर ट्रांसफार्मर को ठीक करने की मांग की जा रही है, आरोप है कि अभी तक कोई विद्युतकर्मी फाल्ट को देखने तक नहीं आया है। घरों की बिजली के अलावा अब पेयजल संकट भी गहरा गया हैं। एक्सईएन का कहना था कि शिकायत प्राप्त हो गई थी। फिलहाल ट्रॉली ट्रांसफार्मर भिजवाया जा रहा है ताकि आपूर्ति सुचारू की जा सके।

तूफान से ट्रांसफार्मर में आया फाल्ट, लाखों के उपकरण फुंके

अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर निवासी गौरव, विनोद, मोनू, सोनू, जितेंद्र अरुण, संजय ने बताया कि गुरुवार की रात आई तेज आंधी के कारण टंकी मोहल्ले में रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया, जिसकी वजह से ग्रामीणों के घरों के लाखों रुपये के विद्युत उपकरण फुंक गए। ग्रामीण नेपाल का इनवर्टर, लाला का स्मार्सिबल, फ्रिज, कूलर, मोनू यादव का कूलर ओर फ्रिज, विनोद का इनवर्टर, लाइट, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण खराब हो गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को घरेलू जरूरतों के पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं, किसानों के सामने पशुओं के चारे की समस्या बनी रही। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर में आए फाल्ट को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की। जई राजीव गौतम का कहना है कि तूफान की वजह से ट्रांसफार्मर में फाल्ट हुआ है, जल्द ही उसे दुरूस्त करा दिया जाएगा।

बड़ौत डिवीजन में टूटे 161 पोल

दाहा। बीती रात आए आंधी तूफान में बड़ौत डिवीजन के करीब 161 विद्युत पोल टूट कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे विभाग को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बड़ौत डिविजन के बड़ौत, बिजरौल, हिलवाड़ी, छछरपुर, तितरौदा,धनौरा सिल्वरनगर, बड़ावद, मवीकला, बामनौली, दाहा, बिनौली, कमला, गढ़ी कागरान आदि गांवों रात करीब एक बजे आए तूफान के कारण विद्युत पोल टूटकर जमीन पर गिर गए। अधिकारियों की मानें, तो बड़ौत डिवीजन के करीब 161 विद्युत पोल टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। बड़ौत द्वितीय एक्शन मनीष कुमार ने बताया कि आंधी तूफान से करीबी 161 पोल टूटने 10 लाख रुपये का नुकसान विभाग को नुकसान हुआ। जिसके लिए डीएम बागपत को पत्र भेज दिया गया। क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कराने का कार्य चल रहा है।।

इन गांवों की बिजली रही गुल

बागपत शहर के साथ ही दुढ़भा, अहेड़ा, पाबला, हरचंदपुर, नया गांव, मीतली, बली, निबाली, सरूरपुर, खेड़की, नैथला, निनाना, निवाडा, गौरीपुर, बसा, टीकरी, सूरजपुर महनवा, कोताना, लुहारी, मलकपुर, बावली, खेकड़ा, डूंड़ाहैड़ा, सुभानपुर, हसनपुर मसूरी, सांकरौद, मुबारिकपुर, फखरपुर, निरौजपुर एम्मा, बड़ागांव, महरमपुर, सैदपुर, खैला, मंसूरपुर, रटौल, भागौट, विनयपुर, डगरपुर, सिंगौली तगा, लहचौड़ा, पूरनपुर नवादा, मुकारी, कहरका, अमीनगर सराय, सिंघावली अहीर, पूट्ठड, हिसावदा, बासौद, चौपड़ा महेशपुर, पदड़ा, पांची, ढिकौली, खिंदौड़ा, सिखेड़ा, ललियाना आदि गांवों की बिजली आपूर्ति रातभर गुल रही।

-------

सामान्य प्रश्न

बिजली आपूर्ति कब तक गुल रही?
बिजली आपूर्ति देर रात से शुक्रवार की सुबह तक गुल रही।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।