आंधी-बारिश से मिली राहत, बिजली व्यवस्था चरमराईआंधी-बारिश से मिली राहत, बिजली व्यवस्था चरमराई
बागपत में गुरुवार शाम अचानक तेज आंधी और बारिश आई, जिसने लोगों को गर्मी से राहत दी। लेकिन तेज हवाओं के कारण बिजली लाइनों में बाधा आई, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। बारिश से सड़कों पर परेशानी भी बढ़ गई और किसानों को आम फलों के नुकसान का सामना करना पड़ा।
बागपत। गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली तथा तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। शाम करीब सात बजे शुरू हुई तेज हवाओं के बाद हुई बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया। वहीं सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर चले तूफान से कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली कर्मियों ने रातभर फाल्ट खोजकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया। उधर, देहात क्षेत्रों में तेज हवा और बारिश से आम उत्पादकों को भी नुकसान हुआ। कई बागों में पेड़ों से अमियां गिर गईं, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


