पारा @ 45 डिग्री, हीट वेव से कर्फ्यू जैसे हालात

Newswrap हिन्दुस्तान, बागपत
Follow us on Google News
share

बागपत में हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिससे सड़कें सुनसान हो गईं। गर्मी के कारण टंकियों से गर्म पानी निकल रहा है और एसी-कूलर भी काम नहीं कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंसों में दवाइयाँ रखवाई हैं और डीएम ने लोगों को सावधान किया है।

पारा @ 45 डिग्री, हीट वेव से कर्फ्यू जैसे हालात

बागपत। सावधान! आसमान से बरस रही आग ने हर किसी को हाल-बेहाल कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान लगातार 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाए रखी। दोपहर के समय सड़क से लेकर बाजार तक कर्फ्यू जैसे हालात बने रहे। न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री पार होने से रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। जनपद में रिकार्ड तोड़ गर्मी ने मंगलवार को मुश्किलें बढ़ाए रखीं। सुबह से ही सूर्य देव के तेवर तल्ख रहे। सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गईं। दोपहर होते-होते तापमान 45 के पार पहुंच गया। गर्म हवाओं की रफ्तार 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहिया वाहन चालकों बिना कपड़ा लपेटे और हेलमेट बिना नहीं निकल सके। हर वक्त भीड़ से भरे रहने वाले शौकत बाजार, छोटा बाजार, सर्राफा बाजार, बड़ा बाजार, खेकड़ा का मुख्य बाजार समेत जिलेभर के सभी छोटे-बड़े बाजारों में भी दोपहर के वक्त सन्नाटा पसरा रहा। बस स्टैंड पर भी इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। शाम चार बजे के बाद इन बाजारों में थोड़ी चहल-पहल बढ़ी।

टंकियों से निकल रहा खौलता हुआ पानी

दिन और रात के तापमान में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के चलते लोगों को नहाने तक के लिए सामान्य जल नहीं मिल पा रहा। तापमान दिन में 45 और रात में 31 डिग्री तक रहने की वजह से छतों के ऊपर रखी टंकियों का पानी खौल रहा है। ये पानी कई दिनों से नार्मल नहीं हो रहा। रात और दिन टंकियों से गर्म पानी निकल रहा है, जिसके चलते लोगों को दैनिक क्रियाओं के साथ-साथ स्नान करने के लिए सामान्य जल नहीं मिल रहा।

एसी-कूलर हुए फेल, मुश्किलें बढ़ीं

मंगलवार को अधिकतम तापमान के 45 डिग्री पर पहुंचने की वजह से लोगों को कूलर और एसी में भी राहत नहीं मिल सकी। सीलिंग फेन तो गर्म हवाएं उगल रहे थे। हाल, ये था कि लोग बार-बार मिस्त्रियों से संपर्क कर एसी खराब होने की जानकारी देते रहे। शाम चार बजे के बाद तापमान में गिरावट आने पर एसी ने काम करना शुरु किया, तब कहीं जाकर लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।

एंबुलेंसों में भी पर्याप्त दवाएं रखवाईं

भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। हीट वेव व डिहाइड्रेशन के बढ़ते मामलों को देखते हुए 108 व 102 एंबुलेंसों में ओआरएस, ग्लूकोज पाउडर सहित अन्य जरूरी दवाएं रखवा दी गयी हैं, ताकि खबर मिलने पर एंबुलेंस में तैनात ईएमटी हॉस्पिटल में पहुंचने से पहले पीड़ित को प्राथमिक उपचार प्रदान कर सके।

डीएम ने कहा-धूप में घर से बाहर न निकलें

डीएम अस्मिता लाल ने हीट वेव की बढ़ती संभावना और तापमान में निरंतर हो रही वृद्धि को लेकर लोगों को सावधान किया है। उन्होंने कहा है कि जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। सुबह व शाम के वक्त ही जरूरी काम निपटाएं। घर से खाली पेट न निकलें।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बागपत में तापमान कितने डिग्री तक पहुंच गया?
बागपत में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।