Bagpat News: रक्षाबंधन: बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधे रक्षासूत्र
Bagpat News: रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई। इस बार भद्रा न होने के कारण उल्लास बढ़ा और सभी उत्साहित रहे। रक्षाबंधन पर बाजार में भीड़ और जाम की स्थिति रही। बहनें फौजियों और पुलिस वालों को भी राखियाँ भेजी। त्यौहार पर मिठाई की जमकर बिक्री हुई।

Bagpat News: बागपत। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार को बहनों ने भाइयों पर जमकर प्यार लुटाया। उनकी कलाई पर स्नेह की डोर बांधते हुए दीर्घायु की कामना कर मिठाई खिलाई। भद्रा न होने के कारण सुबह से देरशाम तक बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखियां बांधी। इस दौरान भाई-बहन काफी उत्साहित दिखाई दिए। भाई बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह रक्षाबंधन का उल्लास दिखाई पड़ा। मिठाई और राखी की दुकानों पर सुबह से ही बहनों की भीड़ लगी रही। वहीं, इस बार भद्रा न होने के कारण घरों में रौनक छाई रही। दूर-दराज से बहनें भाई के अंगना पहुंची और तिलक कर राखी बांधने के साथ मिठाई खिलाई। इसके बदले भाइयों ने बहनों को नेग दिया या फिर तरह तरह के गिफ्ट भेंट किए। भावुक पलों के बीच घर-घर भाई बहन के स्नेह की वर्षा हुई। घरों पर स्नेहवर्षा के बीच माहौल खुशियों भरा रहा। घरों में राखी बांधने से पहले तैयार किए पकवानों से विशेष पूजा अर्चना की गई।
बाजार में रही जाम की स्थिति
रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार को बाजार में उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ व जाम की स्थिति रही। मिष्ठान, राखियां, उपहार खरीदने वालों के अलावा आने-जाने वालों की बेहताशा भीड के कारण पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रही। इस जाम की स्थिति को लगाने में सबसे अहम भूमिका दुकानदारों, हथठेले वालों व बाजार में डिवाइडर के दोनों ओर, साइड में खड़े होने वाले वाहनों ने निभाई।
सेना ओर पुलिस के जवानों को भी भेजी राखियां
सीमा पर देश की सुरक्षा के प्रहरी जवानों ओर लोगों की सुरक्षा में मुस्तेद पुलिस कर्मियों को भी बहनों ने राखी भेजकर अपनी भावनाओं का इजहार किया। सोनिया, कोमल, वर्षा आदि ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर वैसे तो सभी अपने भाईयों को राखी बांधती हैं, लेकिन सीमा पर हम सभी की रक्षा कर रहे जवानों को भी हमने स्पीड पोस्ट के जरिए राखी भेजी है। वहीं रक्षाबंधन पर्व पर सोशल मीडिया पर भी बहन-भाई के संदेश और ई-ग्रिटिंग कार्ड इधर से उधर घूमते रहे। खासकर फेसबुक व व्हाट्स-ऐप पर रक्षाबंधन पर्व को लेकर शुभकामनाओं को अपनी बहनों, भाईयों के पास भेजे जाने का सिलसिला शुक्रवार से ही शुरू हो गया था।
एटीएम हुए खाली, भाई-बहन परेशान
त्योहारी सीजन और तीन दिन की बैंकों की छुट्टी का सारा लोड एटीएम पर आ गया। इसी वजह से शुक्रवार दोपहर को ही आधे से ज्यादा एटीएम खाली हो गए। जिलेभर 150 अधिक एटीएम हैं। रक्षाबंधन पर छह घंटे में ही 80 फीसदी एटीएम दिन निकलते ही खाली हो गए। एटीएम मेंटीनेंस करने वाली एजेंसियों ने गुरुवार शाम को अधिकांश कैश कैसेट भर दिए थे, लेकिन शुक्रवार दोपहर दो बजे तक 80 फीसदी से ज्यादा एटीएम खाली हो गए।
जमकर बिकी मिठाई
रक्षाबंधन दो दिन का होने से उत्साह चरम पर रहा। बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। मिठाई व राखी की दुकानों में खूब चहल पहल रही। बच्चों के गिफ्ट पैक भी खूब बिके। रक्षाबंधन पर 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की मिठाई बिक गई जिससे कारोबारी भी खुश दिखाई दिए। सबसे अधिक बिक्री घेवर के रूप में हुई। दुकानदारों का कहना है कि पहले दिन ही खूब बिक्री हुई। शहर में मिठाई की लगभग 30 छोटी-बड़ी दुकानें हैं। इसमें 10 से ज्यादा बड़े मिठाई विक्रेता हैं। मिठाइयों के अलावा त्योहार पर चॉकलेट और गिफ्ट हैंपर्स भी आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा मोबाइल, स्कूटी को भी उपहार स्वरूप भाइयों ने बहनों को गिफ्ट किये। कारोबारियों के अनुसार इस वर्ष कच्चे माल जैसे तेल-घी, शकर, बेसन और सूखे मेवे सभी के दाम बढ़े हुए हैं। इसके बावजूद कारोबारियों ने उत्पादों के दाम नहीं बढ़ाए हैं। इसका सकारात्मक असर हमें बिक्री में नजर भी आ रहा है।


