Bagpat News: बागपत : गोकशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक गोकश घायल
Bagpat News: बालैनी क्षेत्र के हरियाखेड़ा गांव में गोकशी करते समय बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपी से हथियार और गोवंश बरामद किया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Bagpat News: बालैनी क्षेत्र के हरियाखेड़ा गांव के जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम देने जा रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बालैनी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात मुखबिर द्वारा उन्हें सूचना मिली कि कुछ बदमाश गौकशी की घटना करने के लिये हरियाखेड़ा गांव के जंगल में आये हुए हैं। बालैनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की गई तो उसमें से एक गोकश आमिर निवासी कांच का पुल मेरठ पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गोकश के पास से एक तमंचा, एक कारतूस, गोकशी करने के उपकरण, एक जिंदा गोवंश और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई है। सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया ने बताया कि घायल को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उसके अन्य साथियों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी।


