बीमारी से कांस्टेबल की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bagpat News - बागपत पुलिस लाइन में तैनात सहारनपुर के कांस्टेबल की बीमारी से मृत्यु हो गई। परिजनों को सूचना मिलने पर कोहराम मच गया। कांस्टेबल का शव पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन लाया गया, जहां अधिकारियों ने उसे कंधा दिया और श्रद्धांजलि अर्पित की। वह पिछले एक साल से मधुमेह से पीड़ित थे।
बागपत की पुलिस लाइन में तैनात चल रहे सहारनपुर के रहने वाले कांस्टेबल की बीमारी से मौत हो गई। परिजनों को कांस्टेबल की मौत होने की जानकारी मिली, तो उनमें कोहराम मच गया। दोपहर बाद मृतक कांस्टेबल का शव पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन पहुंचा। एसपी और एएसपी के साथ अन्य पुलिस अधिकारियों ने कांस्टेबल के शव को कंधा दिया। इसके बाद श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंबेडकर नगर कॉलोनी थाना जनकपुरी सहारनपुर का रहने वाला प्रत्यक्ष यूपी पुलिस का जवान था। पिछले एक साल से उसकी तैनाती पुलिस लाइन में चल रही थी। सब इंस्पेक्टर नाथीराम ने बताया कि बीते कुछ समय से वह मधुमेह से पीड़ित चल रहे थे।
अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से बीमार कांस्टेबल को उपचार दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। जिसके बाद उच्चाधिकारियों के साथ मृतक कांस्टेबल के परिजनों को सूचना दी गई। कांस्टेबल की मौत होने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन बागपत पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने कांस्टेबल के शव को पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। दोपहर के समय पोस्टमार्टम हुआ। जिसके बाद शव पुलिस लाइन लाया गया। जहां एसपी सूरज कुमार राय, एएसपी प्रवीण सिंह चौहान और अन्य पुलिस अधिकारियों ने कांस्टेबल के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। सलामी दी गई। इसके बाद श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वहीं, साथी पुलिसकर्मियों ने भी कांस्टेबल की मौत होने पर शोक व्यक्त किया। -------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



