पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, बैंड बाजों के साथ निकाली गई घटयात्रा
Bagpat News - आचार्य सौरभ सागर महाराज के सानिध्य में बड़ौत में पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। 7 से 12 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में श्रद्धालुओं ने घटयात्रा में भाग लिया। इंद्र-इंद्राणियों ने रत्नवर्षा की और विभिन्न धार्मिक क्रियाएं विधि विधान से सम्पन्न की गई।
आचार्य सौरभ सागर महाराज के सानिध्य एवं श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी के तत्वावधान में बड़ौत में पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज हो गया। रविवार सुबह मंदिर से घटयात्रा निकाली गई। यह महोत्सव 7 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। पंडित हंसमुख राय धरियावद के निर्देशन में सुबह घटयात्रा के साथ पंच कल्याणक का शुभारंभ हुआ। घटयात्रा में बैंडबाजे के साथ श्रद्धालु धार्मिक धुनों पर नाचते हुए चल रहे थे। हाथी पर सवार इंद्र-इंद्राणियों द्वारा रत्नवर्षा की जा रही थी। इस दौरान लगभग दो दर्जन रथ व इतने ही बैंड यात्रा में शामिल हुए। मुनि सुव्रतनाथ मंदिर से शुरू होकर घटयात्रा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, बडोली रोड, कोताना रोड, मुख्य बाजार, नेहरू मूर्ति, गांधी रोड होते हुए डीजे कॉलेज के ए फील्ड में पंचकल्याणक महोत्सव स्थल पहुँची।

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने दीप आरती कर रथ का स्वागत किया। यहां पर ध्वजारोहण प्रवीण जैन और मनोज जैन द्वारा तथा मंडप उद्घाटन धनपाल जैन द्वारा किया गया। चित्र अनावरण जितेंद्र कुमार संदीप जैन द्वारा और दीप प्रज्वलन अजय जैन मनीष जैन द्वारा किया गया। मंडप शुद्धि, याज्ञमंडल पूजन, सकलीकरण आदि की धार्मिक क्रियाएं विधि विधान से कराई गई। पहले दिन गर्भ कल्याणक की विधि विधान से पूजा अर्चना हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




