
गौशाला में कई गोवंशों की मौत, मचा हड़कंप
Bagpat News - चांदीनगर के खट्टा पहलादपुर गांव की गौशाला में कई गोवंश मृत पाए गए। ग्रामीणों ने गौशाला प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पशु चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम शुरू किया और जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए टीम भेजी। गोवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।
चांदीनगर क्षेत्र के खट्टा पहलादपुर गांव स्थित गौशाला में कई गोवंश मृत पाए गए हैं। रविवार को खट्टा गांव निवासी रोहित ने मृत गोवंशों को देखा और इसकी सूचना पशुचिकित्सकों को दी। जिसके बाद पशु चिकित्सकों ने गौशाला पहुंचकर मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम शुरू कराया। गोवंशों की मौत के बाद ग्रामीणों और गौ-सेवकों में आक्रोश पनपा हुआ है। उन्होंने गौशाला प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में लंबे समय से गोवंशों के लिए चारे, साफ पानी और उचित चिकित्सा व्यवस्था का अभाव था। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद गौशाला प्रबंधन और संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके कारण गोवंशों की मौत हुई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गौशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृत गोवंशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गोवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। सीवीओ डा. अरविंद त्रिपाठी का कहना है कि गौशाला प्रबंधन से इस मामले में जवाब तलब किया गया है। गौशाला की व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




