आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के खाते में डाले पांच-पांच हजार रुपये
Bagpat News - नगर पालिका के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के खातों में होली से पहले पांच-पांच हजार रुपये डलवा दिए गए हैं। कर्मचारियों के हंगामे के बाद यह राशि डाली गई। अधिकारियों का कहना है कि बाकी भुगतान अवकाश के बाद किया जाएगा। ईओ ने सभासदों पर धरना-प्रदर्शन के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

नगर पालिका के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के खातों में होली से पहले पांच-पांच हजार रुपये डलवा दिए गए है। गत दिवस हुए हंगामे के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों के खातों में धनराशि डलवाई। अधिकारियों का कहना है कि शेष भुगतान अवकाश खत्म होने के बाद किया जाएगा। वहीं, ईओ ने नगर पालिका चेयरमैन और सभासद पर कर्मचारियों को धरना-प्रदर्शन के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। ईओ केके भड़ाना ने बताया कि पालिका में विशेष प्रागाढ पुनरीक्षण एसआईआर की सुनवाई के उपरांत प्राप्त अभिलेखों के अपलोडिंग का कार्य चल रहा है।
जिसमें पालिका के चार कंप्यूटर ऑपरेटर अलग अलग कंप्यूटरों के माध्यम से इस कार्य को कर रहे हैं। आरोप लगाया कि पालिका के सभासद संजय रोहिला द्वारा गत दिवस कार्यालय में अराजक्ता का माहौल बनाया गया। उन्होंने बलपूर्वक एसआईआर के कार्य को बंद करा दिया। सभासद द्वारा पालिका की बिजली को काट दिया गया, जिसके चलते पालिका में अंधेरा छा गया और कर्मचारी मजबूर होकर बाहर आकर खड़े हो गए। जिन्हें जबरन नारेबाज़ी में शामिल होने के लिए उकसाया गया। बताया कि पालिका के सभी स्थाई, कार्यालय कर्मियों एवं सफ़ाई कर्मचारियों का वेतन भुगतान की फाइल पर दो दिन पूर्व ही हस्ताक्षर कर दिए गए थे। इसी प्रकार कार्यालय, जलकल व विद्युत के आउटसोर्सिंग कार्मिकों के फर्म द्वारा प्रस्तुत भुगतान बिलों पर भी हस्ताक्षर कर दिए थे, लेकिन अध्यक्ष एडवोकेट राजुद्दीन द्वारा षडयंत्र के तहत बिल पर साइन नहीं किए गए। बताया कि धरना देने वाले आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यालय कर्मचारियों, जलकल और विद्युत कर्मियों के खाते में 5-5 हज़ार रुपये तत्काल डलवा दिए गए हैं। बैंक खुलने पर उनका भी पूरा भुगतान उनके खातों में पहुंच जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



