अलविदा 2024: महिला अपराधों में आई कमी, छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ी
Bagpat News - महिला अपराध के खिलाफ शासन स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। 'मिशन शक्ति' अभियान में महिला बीट बनाई गई हैं, जहाँ महिला पुलिस अपराध पीड़ितों की मदद करती हैं। इसके परिणामस्वरूप महिला अपराध में गिरावट आई...

महिला अपराध के प्रति शासन स्तर से नित नए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान भी छेड़ रखा है। जिसमें अपराध होने से पहले से लेकर अपराध होने के बाद सजा सुनाए जाने तक काम होता है। इसके तहत स्कूलों, गली मोहल्लों, आबादियों में महिला बीट तक बनाई गई हैं। अपने जिले में करीब सौ महिला बीट सक्रिय हैं। जिसमें एक बीट पर दो महिला सिपाही तैनात हैं। ये अपनी-अपनी बीट में महिलाओं, अपराध पीड़ितों या महिला अपराधियों पर पूरा ध्यान केंद्रित रखती हैं। उनके परस्पर संपर्क में रहती हैं। इसके अलावा वारदात होने पर त्वरित कार्रवाई पर फोकस रहता है। मुकदमे के बाद गिरफ्तारी से लेकर विवेचना में तेजी और चार्जशीट के बाद अदालत में तेजी से ट्रायल कराए जा रहे हैं। इसके अलावा महिला पुलिस की टीम स्कूलों में सुबह सक्रिय रहती हैं। वहां संपर्क कर जागरूक करने के साथ उनकी शिकायतों तक को सुनकर कार्रवाई करती हैं। इस सबका परिणाम है कि महिला अपराध में गिरावट तो दर्ज हुई है, लेकिन महिलाओं, युवतियों व छात्राओं के प्रति होने वाली छेड़खानी की वारदात नहीं थम रहीं। ये आंकड़ा अपने जिले का क्राइम रिकार्ड दे रहा है। जनवरी से नवंबर माह तक की बात करें, तो महिला उत्पीड़न से संबंधित 400 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए है। जिनमें छेड़छाड़, रेप, दहेज उत्पीड़न के मुकदमे शामिल है।
----------
कोट-
महिला अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीती पर काम होता है। वारदात संज्ञान में आने पर मुकदमा लिखा जा रहा है, तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जहां थाना स्तर पर सुनवाई न हो रही है, वहां अधिकारियों के संज्ञान में आने पर कार्रवाई होती है। अब महिला अपराध की सुनवाई के कई पटल हैं, जहां सीधे शिकायत हो सकती है। आगे इस पर रोकथाम को और ठोस प्रयास होने जा रहे हैं। जो लाभकारी होंगे।
एनपी सिंह, एएसपी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।