Bagpat News: शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Bagpat News: बागपत में युवक ने शादी कराने का झांसा देकर एक अन्य युवक से दो लाख रुपये और सोने का मंगलसूत्र ठग लिया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी लड़की का फोटो दिखाकर पैसे लिए। जब असली शादी नहीं कराई, तो पीड़ित ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलसूत्र बरामद कर लिया।

Bagpat News: बागपत। युवक को शादी कराने का झांसा देकर दो लाख रुपये और सोने का मंगलसूत्र ठगने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवक के पास से मंगलसूत्र बरामद किया है। चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी नीरज ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि गांव के ही रहने वाले चिंटू ने उसे शादी कराने का झांसा दिया। उसने इंस्टाग्राम पर युवती का फोटो दिखाकर और बात कराने के बाद उससे दो लाख रुपये से अधिक की नकदी ले ली और मंगलसूत्र भी ले लिया। जब उसने शादी कराने के लिए कहा, तो वह मुकरने लगा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की, तो पता चला कि जिस काव्या शर्मा की इंस्टाग्राम पर आईडी नीरज को दिखाई गई थी, वह फर्जी थी।
नीरज की बात भी चिंटू ने अपनी परिचित महिला से कराई थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी युवक चिंटू को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर मंगलसूत्र बरामद कर लिया। वहीं, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जो पैसे उसने नीरज से लिए थे, वह उसने खर्च कर दिए।


