
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर तहसील में गरजे किसान
Bagpat News - बड़ौत में किसानों की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया गया। किसानों ने प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। एसडीएम भावना सिंह ने किसानों को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे महापंचायत करेंगे।
बड़ौत। बड़ौत तहसील परिसर में सोमवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। एसडीएम भावना सिंह ने किसानों के बीच पहुंचकर भुगतान समय पर कराने का आश्वासन दिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ौत तहसील में सोमवार को दोपहर दो बजे किसानों की पंचायत शुरू हुई। पंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसानों की लगातार अनदेखी की जा रही है और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मलकपुर मिल पर गत वर्ष का करोड़ों रुपये बकाया है,जिसका समय पर भुगतान न होने से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों के बच्चों की स्कूल फीस समय पर जमा नहीं हो पा रही है। बकाया भुगतान नहीं होने से किसान पहले ही परेशान है। इस पर ऊर्जा निगम के अधिकारी बिजली बिल जमा करने के नाम पर उनका उत्पीड़िन करते है। मलकपुर मिल पर वर्ष 2017-18 का ब्याज बकाया है,जिसका भुगतान करने के लिए कोर्ट ने आदेश कर दिए है। इसके बाद भी मिल भुगतान नहीं कर रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर महापंचायत आयोजित करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। एसडीएम भावन सिंह किसानों के बीच पहुंची, जहां पर उन्होंने किसानों से वार्ता की। एसडीएम ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। पंचायत के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की। इस मौके पर थाम्बा चौधरी बृजपाल सिंह, पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता ओमवीर तोमर, पूर्व चेयरमैन धूम सिंह, सतपाल सिंह, हरपाल सिंह आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




