Bagpat News: कांवड़ यात्रा: सिविल डिफेंस वालिंटियर संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

हिन्दुस्तान, बागपत
Follow us on Google News
share

Bagpat News: बागपत में ऐतिहासिक परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में श्रावणी मेले और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन ने सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने स्वयंसेवकों से कहा कि उन्हें सेवा भाव से काम करना है। सुरक्षा और सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजनाएं बनाई गई हैं।

Bagpat News: कांवड़ यात्रा: सिविल डिफेंस वालिंटियर संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

Bagpat News: बागपत। ऐतिहासिक परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर में लगने वाले श्रावणी शिवरात्रि मेले और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सिविल डिफेंस के वालंटियर्स को जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को विकास भवन सभागार में डीएम अस्मिता लाल ने सिविल डिफेंस के 100 स्वयंसेवकों के साथ बैठक की और उनकी भूमिका तय की। विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए। डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन की सफलता केवल पुलिस बल या प्रशासनिक इंतजामों से नहीं मापी जाती, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करती है कि श्रद्धालु अपने पूरे प्रवास के दौरान कितना सुरक्षित, सम्मानजनक और सहज अनुभव लेकर लौटता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि वे वर्दी पहनकर केवल ड्यूटी निभाने नहीं, बल्कि 'सेवा भाव' के साथ मैदान में उतरें। प्रशासन ने स्वयंसेवकों को मेले के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात करने की रूपरेखा तैयार की है। ये स्वयंसेवक गर्भगृह में दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कतार प्रबंधन, श्रद्धालुओं को सही मार्गदर्शन देने, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की सहायता, खोया-पाया संबंधी मामलों में सहयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी तथा आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उद्देश्य यह है कि छोटी-छोटी समस्याएं मौके पर ही हल हो जाएं और श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में स्वयंसेवकों को बताया गया कि वे केवल व्यवस्था संभालने वाले कर्मी नहीं होंगे, बल्कि प्रशासन के 'फर्स्ट रिस्पॉंडर' के रूप में कार्य करेंगे। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

कांवड़ मेला सेल का निरीक्षण

-------

एसपी ने किया कांवड़ मेला सेल का निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित कांवड़ मेला सेल का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों से तैयारियों, ड्यूटी व्यवस्था, सूचना संकलन प्रणाली और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने और प्रत्येक सूचना का समय पर संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभिन्न जनपदों और संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान के निर्देश दिए।

पीने के पानी और कूलर की व्यवस्था

-----

पीने के पानी और कूलर की रहेगी व्यवस्था

बालैनी। ऐतिहासिक पुरामहादेव मंदिर पर 9 से 12 अगस्त तक लगने वाले चार दिवसीय श्रावणी मेले की तैयारी मंदिर पर जोर शोर से की जा रही है। कॉरिडोर बनाने वाली कंपनी मेला शुरू होने से पहले मंदिर के चारों द्वार को चालू करने में लगी है। मंदिर के ऊपर आने वाली सीढ़ियों को काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मंदिर समिति सचिव संजीव शर्मा ने बताया कि इस बार मंदिर आने वाले कांवड़ियों के लिए 4 लाख पीने के पानी की बोतलों का इंतजाम किया जा रहा है। लाइन में लगे कांवड़ियों को गर्मी से बचाने के लिए जगह जगह कूलर लगाए जाएंगे। मंदिर समिति की तरफ से सुरक्षा की दृष्टि से 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

मंदिर का निरीक्षण

------

सीओ ने किया मंदिर का निरीक्षण

बालैनी। पुरा मंदिर पर लगने वाले श्रावणी मेले और सावन माह की तैयारी को लेकर सीओ रोहन चौरसिया ने मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सीओ ने यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बेरिकेटिंग, पार्किंग आदि का निरीक्षण करते हुए अधिनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।

सामान्य प्रश्न

✦कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किस प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी?−
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सिविल डिफेंस के वालंटियर्स जिम्मेदारी संभालेंगे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsBagpat NewsBagpat News: कांवड़ यात्रा: सिविल डिफेंस वालिंटियर संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी