बागपत : बड़ौत में पंचकल्याणक महोत्सव के पंडाल निर्माण पर रोक, नोटिस चस्पा
Bagpat News - बागपत में 7 से 12 दिसंबर को होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की सुरक्षा चूक के कारण जिला प्रशासन ने निर्माण की अनुमति रद्द कर दी है। पंडाल में अत्यधिक ज्वलनशील थर्माकोल का उपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। प्रशासन ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं।
बागपत। बड़ौत में आगामी 7 से 12 दिसंबर तक होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों में चल रही भारी सुरक्षा चूक पर आखिरकार जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। अत्यधिक ज्वलनशील थर्माकोल सामग्री के बड़ी मात्रा में प्रयोग और पंडाल में सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी पर बड़ा असर सामने आया है। प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए महोत्सव के लिए बनाई जा रही विशाल पंडाल निर्माण की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। नोटिस की कॉपी भी निर्माणाधीन पंडाल पर चस्पा कर दी गई है। बागपत जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा है कि मौके पर की गई जांच में पंडाल निर्माण में भारी अनियमितताएं पाई गईं।
न केवल ज्वलनशील थर्माकोल का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा था, बल्कि पंडाल में सुरक्षा के न्यूनतम मानकों तक का पालन नहीं हो रहा था। मजदूर ऊंचाई पर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे, आग से बचाव के साधन मौजूद नहीं थे और कार्यक्रम स्थल पर भीड़ निकासी मार्ग तक की उचित व्यवस्था नहीं थी। जिला प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पूरी अनुमति रद्द कर दी और पंडाल निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश जारी कर दिए। वहीं, आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से खतरा बना हुआ था और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। बड़ौत में इसी वर्ष 28 जनवरी को हुए मचान हादसे के बाद लोगों की चिंता को देखते हुए प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह उचित मानी जा रही है। प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम से जहां एक ओर आयोजकों में हड़कम्प मचा हुआ है वहीं अब इस बड़े आयोजन को लेकर भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




