छपरौली में गैस एजेंसी पर लोगों का हंगामा, कालाबाजारी का आरोप
Bagpat News - छपरौली में एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने घंटों तक लाइन में लगकर भी सिलेंडर नहीं मिलने पर हंगामा किया। उन्होंने कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस एजेंसी के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। डीएम से जांच की मांग की गई है।
छपरौली। कस्बे में स्थित एचपी गैस एजेंसी पर घंटों तक लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर उपभोक्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। गुरुवार को एजेंसी व गोदाम पर काफी उपभोक्ता सुबह ही गैस सिलेंडर लेने कतार में लग गए थे। घंटों तक जब सिलेंडर नहीं मिला तो उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का आरोप लगाकर हंगामा प्रदर्शन कर दिया। आरोप लगाया कि गैस एजेंसी के सेल्समैन सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। अपने रसूख के व्यक्तियों को कस्बे से बाहर ही गाड़ी से गैस सिलेंडर दे रहे हैं।
उपभोक्ताओं की बुकिंग होने के बाद सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस एजेंसी पर लगे सभी संविदा कर्मचारियों की मनमानी चलती हैं। उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस कर्मचारियों पर किसी का कोई नियंत्रण नहीं है। उपभोक्ताओं ने मामले में डीएम से जांच कराकर एजेंसी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। इस दौरान जितेंद्र सिंह, राजपाल, मुनेश कश्यप, योगेंद्र, अभिषेक कुमार, शकील अहमद, याकूब अब्बाशी आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


