लगातार लुढ़क रहे पारे के बीच सितम ढ़ास रही कनकनी व गलन ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 14 एवं न्यूनतम तापमान चार डिग्री रहा। दिनभर सर्द हवाओं के चलने से कारण जनजीवन सिहर सा गया।
मौसम का असर इस कदर हावी हो चुका है कि लोग घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। ठंडी हवाओं के कारण कनकनी थमने का नाम नहीं ले रही है। जिसके चलते लोग घरों में दुबके हुए हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में ठंड का असर दिख रहा है। ठंड के चलते वे बीमार पड़ रहे है। ठंड से बचना लोगों के लिए चुनौती बनी हुई है। लगातार गिरते तापमान व बर्फीली हवाओं के कारण अलाव के सहारे लोग ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। सोमवार को धूप तो खिली रही, लेकिन सर्द हवाओं के बीच धूप भी बेअसर साबित हुई।
---
अलाव भी हो रहा बेअसर, धूप खिलने का इंतजार-
लगातार भीषण ठंड व शीतलहर के कारण अलाव भी बेअसर साबित हो रहा है। लोग अपने-अपने स्तर से ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा भी कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन भीषण ठंड के कारण लोग अब उबने लगे हैं। लगातार ठंड व शीतलहर के कारण लोग अब धूप खिलने का इंतजार कर रहे हैं।
---
चौक-चौराहों पर अलाव भी नदारद
कड़ाके की ठंड से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, कड़ाके की ठंड के साथ ही चल रही पछुआ हवा से लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुहाल हो गया है। मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले लोगों के लिए स्थिति और भी बुरी है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। चौक-चौराहों पर प्रशासन की ओर से अलाव की भी व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। गरीब तबके के लोगों के लिए ठंड काटना मुश्किल होता जा रहा है।
---
ये बरते सावधानी-
- बिना जरूरत लोग घरों से बाहर ना निकलें।
- जब भी घर से बाहर निकलें मास्क पहनकर निकलें।
- घर के अंदर भी पर्याप्त कपड़े पहनें, ताकि ठंड से बच सके।
- बच्चों-बूढ़ों का विशेष ख्याल रखें।
- गर्म चीजों और खान-पान का विशेष ख्याल रखें।
- विटामिट सी से भरपूर फलों का सेवन करें, लेकिन सुबह के वक्त।
- बाहर का खाना ना खाएं।
- नाक बहने या खांसी आने को इग्नोर ना करें और डॉक्टरों के संपर्क में रहें।
- स्वच्छता का विशेष ख्याल रखें।
- अस्थमा व दमा वाले रहें ज्यादा सावधान।
- नंगे पांव ना घूमें और आंख-कान-गले को ढंककर रखें।
- संतुलित व गर्म भोजन का सेवन करें।
- काढ़ा, हल्दी मिला दूध आदि गर्म पेय पदार्थ का सेवन करें।
- रात के समय बाहर निकलने से बचें, निकलना जरूरी है, तो गर्म कपड़े पहनें।
- अलाव के माध्यम से शरीर को गर्म रखें।