निर्माणाधीन मकान का बीम गिरा, मकान मालिक और राजमिस्त्री दबे
Bagpat News - रमाला के किशनपुर गांव में सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान की बीम टूटने से ध्वस्त हो गया। मलबे में दबने से मकान मालिक नरेश कुमार और राजमिस्त्री पप्पन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक है।
रमाला। रमाला क्षेत्र के किशनपुर गांव में सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान बीम टूटने से ध्वस्त हो गया। जिसके मलबे के नीचे दबने से मकान मालिक और राजमिस्त्री गंभीर रूप में घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई बताई जा रही है। किशनपुर गांव में नरेश कुमार अपने मकान का निर्माण करवा रहा है। सोमवार की सुबह राजमिस्त्री पप्पन निवासी रमाला निर्माण कार्य में लगा हुआ था। नरेश कुमार भी वहीं मौजूद था। बताया जाता है कि सुबह करीब 10 बजे जब राजमिस्त्री बीम का झूला खोल रहा था, तो अचानक बीम टूट गया और छत का मलबा भर-भराकर नीचे गिर गया।
छत के नीचे कार्य कर रहे मकान मालिक नरेश कुमार और राजमिस्त्री पप्पन मलबे के नीचे दब गए। मलबा गिरने का शोर होने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में दोनों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल मिले। जिसके बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए शामली के निजी अस्पताल ले गए। वहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई बताई जा रही है। हादसे के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। दो दिन पहले बड़ौत में भी गिर गया था मकान की लिंटर दरअसल, दो दिन पहले बड़ौत शहर में भी एक मकान ध्वस्त हो गया था। जिसके मलबे के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई गंभीर रूप में घायल हो गया था। इतना ही नहीं तीन पशुओं की भी मौत हुई थी, जबकि पांच पशु गंभीर रूप में घायल हुए थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




