Bagpat News: बिजली शिकायत केंद्र पर लाइनमैन और युवकों में मारपीट
Bagpat News: बड़ौत में पट्टी मेहर में बिजली कटौती के मामले में युवकों और संविदा लाइनमैनों के बीच रविवार रात मारपीट हुई। युवक शिकायत करने पहुंचे थे, जहां लाइनमैनों ने गाली-गलौज की और हमला किया। दोनों ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। मामले की जांच शुरू हो गई है।

Bagpat News: बड़ौत। नगर की पट्टी मेहर में रविवार रात कई घरों की बिजली गुल होने पर शिकायत करने पहुंचे युवकों और मुख्य शिकायत केंद्र पर मौजूद संविदा लाइनमैनों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पट्टी मेहर निवासी सचिन वत्स ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे कई घरों की बिजली गुल थी। कर्मचारियों के फोन नहीं उठाने पर वह कुछ दोस्तों के साथ मुख्य शिकायत केंद्र पहुंचे। आरोप है कि वहां संविदा लाइनमैन अवनीश, शीलू और इकबाल नशे की हालत में थे। बिजली आपूर्ति बंद होने का कारण पूछने पर उन्होंने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान लोहे की रॉड से हमला भी किया गया। सचिन ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। वहीं, संविदा लाइनमैन अवनीश, शीलू और इकबाल ने सचिन वत्स और उसके दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। तीनों सोमवार को कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद संविदा लाइनमैनों ने हड़ताल शुरू कर दी। एसडीओ आशुतोष यादव और जेई अरविंद के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई। एसडीओ आशुतोष यादव ने बताया कि संविदा लाइनमैनों के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


