Bagpat News: विश्व शांति महायज्ञ के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन
Bagpat News: बड़ौत के अजितनाथ सभागार में आचार्य आर्जव सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित आठ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन विश्व शांति महायज्ञ के साथ हुआ। अंतिम दिन जिनाभिषेक, शांतिधारा, पूजन और 1008 अर्घ्य समर्पित किए गए। प्रमुख पात्रों का सम्मान हुआ। शाम को पूर्व प्राचार्य वकील चंद जैन सहित पांच दीक्षार्थियों की शोभायात्रा निकली और जैन समाज ने उनकी गोद भराई की।

Bagpat News: बड़ौत। अजितनाथ सभागार में आचार्य आर्जव सागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में आयोजित आठ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन विश्व शांति महायज्ञ के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से हुआ। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विधान में प्रमुख भूमिका निभाने वाले पात्रों का मांगलिक यंत्र भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं, शाम को पूर्व प्राचार्य वकील चंद जैन सहित पांच दीक्षार्थियों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद सकल जैन समाज ने आचार्य श्री के सान्निध्य में दीक्षार्थियों की गोद भराई की। विधान के अंतिम दिन प्रात:काल जिनाभिषेक, सौधर्म इंद्र राजेश जैन द्वारा शांतिधारा और पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए।
श्रीपाल इंद्र और मैना सुंदरी बनने का सौभाग्य वरदान जैन व नीलू जैन को प्राप्त हुआ। विधानाचार्य पं. सनत कुमार जैन और पं. विनोद कुमार जैन के निर्देशन में 1008 अघ्र्य समर्पित कर विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भगवान की आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया। समापन पर आचार्य आर्जव सागर महाराज ने मंगल उद्बोधन में श्रद्धालुओं को पुण्य वृद्धि, आत्मशुद्धि, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।


