Bagpat News: सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग गिरने पर चेतावनी
Bagpat News: बागपत में सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में खराब रैंकिंग वाले विभागों को कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए। अधिकारियों से नियमित निरीक्षण, लाभार्थियों और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने तथा आईजीआरएस शिकायतों का समय पर निस्तारण करने को कहा गया। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Bagpat News: बागपत। सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें योजनाओं की प्रगति, जनशिकायतों के निस्तारण और विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।सीडीओ ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और योजनाओं के लाभार्थियों व शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यों में लापरवाही, देरी और शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में सुधार लाने, लंबित प्रकरणों की तथ्यात्मक आख्या समय से उपलब्ध कराने और नकारात्मक खबरों से जुड़े मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को शिविर लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। पोर्टल पर प्रगति संबंधी सूचनाएं अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमओ डॉ. तीरथ लाल, पीडी राहुल वर्मा, बीएसए गीता चौधरी, सीवीओ डॉ रमेश चंद आदि मौजूद रहे।


