Bagpat News: शार्ट सर्किट से सिलेंडरों में धमाका, मां-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे
Bagpat News: बागपत के खेकड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह किराना दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी और गैस सिलेंडरों में धमाके हुए। आग पहली मंजिल के मकान तक फैल गई, जिसमें दम घुटने से मां-बेटी की मौत हो गई। आग बुझाने की कोशिश में 10 से अधिक लोग झुलसे। गंभीर रूप से घायल व्यापारी अंकुर जैन और जाहिद को दिल्ली रेफर किया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए।

Bagpat News: बागपत। खेकड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह दुकान में शार्ट सर्किट से वहां रखे गैस सिलेंडरों में धमाका हो गया। धमका इतना तेज था कि दुकान का शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा और भीषण आग लग गई। आग ने दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर बने मकान को चपेट में ले लिया। आग और धुएं में दम घुटने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि आग बुझाने की कोशिश कर रहे 10 से अधिक लोग झुलस गए। इनमें किराना व्यापारी समेत दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का पता चलते ही डीएम और एएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार कस्बे में बाजार पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर विनय जैन परिवार के साथ रहते हैं। मकान की पहली मंजिल पर उनका घर है, जबकि नीचे उनका बेटा अंकुर जैन किराना की दुकान चलाता है। सुबह करीब सात बजे दुकान में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई और शटर उखड़कर सड़क पार जा गिरा। आग और जोरदार धमाकों से अफरा-तफरी, चीख-पुकार मच गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पहली मंजिल को चपेट में ले लिया। आग और धुएं में दम घुटने से अंकुर जैन की पत्नी स्वाति जैन (38 वर्ष), मासूम बेटी अनन्या जैन (6 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझाने के प्रयास में व्यापारी अंकुर जैन, जाहिद, नौशाद, राकेश, मनोज, दीपक, सुनील, विनोद समेत 10 से ज्यादा लोग झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे अंकुर और जाहिद को सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहीं सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत कर आग बुझाई।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे का पता चलते ही डीएम दिव्यांशु पटेल, एएसपी प्रवीण सिंह चौहान, एसडीएम खेकड़ा सुरभि शर्मा और सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान का कहना है कि हादसे में मां-बेटी की मौत हुई है, जबकि व्यापारी अंकुर जैन, पड़ोसी जाहिद समेत कई लोग आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच और सरकारी सहायता के निर्देश
------
कोट-
खेकड़ा में दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें मां-बेटी की मौत हुई है। दुकान में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को जांच प्रक्रिया पूरी करने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार अनुमन्य सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
-दिव्यांशु पटेल, डीएम बागपत

