कांवड़ यात्रा: एआई तकनीक वाले कैमरों से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी
- जनपद के बॉर्डर पर लगाए जाएंगे एआई तकनीक वाले कैमरेकांवड़ यात्रा: एआई तकनीक वाले कैमरों से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानीकांवड़ यात्रा: एआई तकनीक वाले

कांवड़ यात्रा की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। लाखों शिवभक्तों की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन ने हाईटेक इंतजाम किए हैं। खास बात यह है कि पहली बार मुजफ्फरनगर, हरियाणा और गाजियाबाद बॉर्डर पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कैमरा लगाया जाएगा। यह कैमरा न केवल श्रद्धालुओं की गिनती करेगा बल्कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत अलर्ट भी देगा। हर साल कांवड़ यात्रा में लाखों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन जाती है। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा में लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर रवाना होंगे। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार तकनीक के सहारे सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बागपत पुलिस ने कदम बढ़ाया है। पुलिस मुजफ्फरनगर के ककड़ीपुर, बालैनी के हिंडन पुल, निवाडा पुलिस चेकपोस्ट और डूँडाहैड़ा पुलिस चेकपोस्ट पर एआई कैमरा लगाएगी। यह विशेष तकनीक से लैस होगा। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर लगातार बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर प्रबंधन के लिए यह कैमरा श्रद्धालुओं की लाइव गिनती करेगा। इससे रूट डायवर्जन, पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम में सुधार होगा। अनुमान है कि इस बार पिछले साल से ज्यादा श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके अलावा कैमरा केवल भीड़ की निगरानी नहीं करेगा, बल्कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की तत्काल पहचान कर लेगा। एआई कैमरा कंट्रोल रूम को सचेत भी कर देगा। इससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सकेगी। बताया कि पुरा महादेव मंदिर क्षेत्र में भी एआई तकनीक वाले आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे。
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में रहेगी विशेष नजर
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर पुलिस की तीखी नजर रहेगी। इन क्षेत्रों में 24 घंटे पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। जिला बागपत जनपद में 30 से अधिक स्थानों को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके साथ ही कांवड़ियों के रूकने वाले स्थानों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बागपत में यातायात व्यवस्था एवं कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 20 से अधिक स्थानों पर बैरियर लगाए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग के आसपास ही कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के रूकने की व्यवस्था रहेगी।


