सिलेंडर में आग से 4 वर्षीय बच्चे की मौत, एक बच्चे समेत 4 झुलसे
Bagpat News - घर में चाय बनाते समय छोटे व बड़े सिलेंडर में लगी आग से झुलसे एक 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसका 10 वर्षीय भाई, दादा-दादी व चाचा आग से झुलस गए।
घर में चाय बनाते समय छोटे व बड़े सिलेंडर में लगी आग से झुलसे एक 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसका 10 वर्षीय भाई, दादा-दादी व चाचा आग से झुलस गए। आग लगे सिलेंडर को किसी तरह घर के बाहर फेंका जिसे पड़ोसियों ने किसी तरह बुझाया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने मामले में जानकारी जुटाई, वहीं परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। दरअसल, यह घटना बड़ौत कोतवाली के पठानकोट मोहल्ले में देर रात्रि हुई। यहां हासिम अपने माता-पिता, बीवी-बच्चों के साथ रहता है।
देर रात्रि घर के नीचे वाले हिस्से में चाय बनाते समय अचानक बड़े सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। इससे पास में रखे 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। आग लगने से घर में चींख पुकार मच गई। जिस समय सिलेंडर में आग लगी उस समय हासिम व उसकी पत्नी रुखसार घर के ऊपरी मंजिल पर थे जबकि बाकी बच्चे व अन्य सदस्य नीचे ही मौजूद थे। पहले तो सभी घर से बाहर भागने लगे, लेकिन जब 4 वर्षीय जैद पुत्र हासिम कहीं नहीं दिखा तो घर में फिर से सभी अंदर दौड़े। डर की वजह से जैद एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा व 10 वर्षीय बच्चा हुसैद भी झुलस गए। गम्भीर रूप से झुलस चुके जैद को आनन फानन में दिल्ली ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घर में आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने में जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह से झुलस गए। सिलेंडर को बाहर एक खाली प्लाट में फेंकने के बाद भी सिलेंडर से आग की लपटें काफी ऊंची उठती रही जिससे मोहल्ले में अफरा तफरी का माहौल रहा। किसी तरह पड़ोसियों ने सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर पूरी जानकारी जुटाई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने मृतक जैद का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया हैं।मृतक 4 वर्षीय जैद 6 भाई बहन (2 लड़के, 4 लड़कियां) थे जिनमें से जैद सबसे छोटा था। जैद के पिता हासिम गाड़ी चलाकर परिवार का पालन करते हैं जबकि परिवार के दूसरे लोग भी मजदूरी करते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मोहल्ले-पड़ोस में भी शोक छाया हुआ हैं। सभी लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए इकट्ठा थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


