डीएम कर रही थीं मीटिंग, टेबल पर आ गया लंगूर, कुर्सी छोड़कर खड़ी हुईं; 'मटरू' का वीडियो वायरल

लाइव हिन्दुस्तान, बागपत
Follow us on Google News
share

बागपत डीएम अस्मिता लाल की मीटिंग के दौरान अचानक से एक लंगूर घुस गया। और टेबल पर जाकर बैठ गया। इस दौरान डीएम अपनी सीट छोड़कर खड़ी हो जाती हैं। लंगूर को देखकर मीटिंग में मौजूद लोग उसे मीटिंग हॉल से बाहर निकालने की कोशिश करने लगते हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

डीएम कर रही थीं मीटिंग, टेबल पर आ गया लंगूर, कुर्सी छोड़कर खड़ी हुईं; 'मटरू' का वीडियो वायरल

बागपत में गुरुवार को डीएम किसानों के साथ मीटिंग कर रही थी। इस दौरान तब अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब एक लंगूर अचानक मीटिंग हॉल में घुस आया और सीधे डीएम अस्मिता लाल की मेज पर जाकर बैठ गया। इस घटना से बैठक में मौजूद अधिकारियों और किसानों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। दरअसल विकास भवन में किसान दिवस के अवसर पर बैठक चल रही थी। इसमें पुलिस अधीक्षक सूरज राय सहित कई अधिकारी मौजूद थे। किसान अपनी समस्याएं एक-एक कर अधिकारियों के सामने रख रहे थे। तभी अचानक एक लंगूर मीटिंग हॉल में दाखिल हुआ। वह किसानों की मेजों पर उछलता-कूदता हुआ सीधे डीएम की टेबल तक पहुंच गया और वहीं जाकर बैठ गया।

डीएम की टेबल पर बैठा लंगूर, मीटिंग में अफरातफरी

लंगूर को अपने बेहद करीब देखकर डीएम अस्मिता लाल तुरंत कुर्सी छोड़कर खड़ी हो गईं। हालांकि उन्होंने घबराने के बजाय स्थिति को संभालने की कोशिश की और मुस्कुराते हुए लंगूर की ओर इशारा करते हुए कहा—“बैठ जाओ।” कुछ देर तक लंगूर मेज पर बैठा रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों में हल्की दहशत बनी रही, लेकिन डीएम के शांत व्यवहार से माहौल नियंत्रित रहा।

अर्दली ने लंगूर को मीटिंग से किया बाहर

इसी दौरान डीएम का अर्दली मौके पर पहुंचा और धीरे-धीरे पुचकारते हुए लंगूर को वहां से भगा दिया। इसके बाद बैठक में मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली और कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता रहता है 'मटरू'

लंगूर का नाम मटरू है। वह अक्सर कलेक्ट्रेट परिसर में नजर आता रहता है। वहां के कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच काफी जाना-पहचाना है। इससे पहले भी वह कई बार वहां देखा गया है। करीब दो महीने पहले भी मटरू किसान धरने के दौरान डीएम के पास पहुंच गया था। उस समय डीएम किसानों से बातचीत कर रही थीं। लंगूर उनके पास बैठ गया और उनका हाथ पकड़ लिया। इस पर डीएम ने हंसते हुए कहा—“नो मटरू”, जिससे वहां मौजूद किसान भी मुस्कुरा उठे।

2015 बैच की आईएएस हैं अस्मिता लाल

अस्मिता लाल 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और हाल ही में उन्हें पहली बार डीएम का प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले वे गाजियाबाद में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।