
नहाते समय युवती का वीडियो बनाकर शादी का दबाव
Badaun News - बदायूं में एक युवक पर नहाते समय युवती का वीडियो बनाकर शादी के लिए दबाव डालने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बदायूं, संवाददाता। नहाते समय युवती का वीडियो बनाकर शादी का दबाव डालने, सोशल मीडिया पर क्लिप डालने की धमकी और गाली-गलौज के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन शादी के लिए दबाव बनाया गया, जिससे सामाजिक बदनामी हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति ने जरीफनगर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी 12 जनवरी को अपनी मौसेरी बहन के यहां थाना जरीफनगर क्षेत्र के एक गांव आई थी।
आरोप है कि वहीं के रहने वाले धर्मवीर पुत्र भूरे ने उनकी बेटी का नहाते समय चुपके से मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल पर कॉल कर वीडियो का हवाला देते हुए शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया और कहा कि यदि विवाह नहीं किया गया तो वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। पीड़ित ने बताया कि जब उसने आरोपी की मांग मानने से साफ इनकार किया तो धर्मवीर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो से जुड़ी स्टोरी डाल दी, जिससे गांव में उनकी बेटी और परिवार की बदनामी हुई। आरोप है कि दो फरवरी को जब पीड़ित ने आरोपी से इस हरकत पर आपत्ति जताई तो उसने गाली-गलौज करते हुए तरह-तरह की धमकियां दीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धर्मवीर पुत्र भूरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




